मऊआइमा के हरखपुर नहर पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 50 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। अफसरों का दावा है कि जवाबी फायरिंग में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिस पर उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी ने बताया कि मंगलवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मऊआइमा के हरखपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी की। इस दौरान वहां काली रंग की पल्सर बाइक से तीन लोग आते दिखे। पुलिस को देखते ही बाइक छोड़कर उस पर सवार युवक भागने लगे। पीछा करने पर फायरिंग भी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान एक युवक गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से भागने में कामयाब रहे। तलाशी में उसके पास से 1.75 लाख रुपये व कुछ दूरी पर तमंचा, कारतूस व खोखे बरामद हुए। उ
सके पैर में गोली लगी थी और घायल हालत में उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में युवक ने अपना नाम आशिक अली उर्फ आसिफ निवासी मानधाता, प्रतापगढ़ बताया। छानबीन में पता चला कि नौ अप्रैल को मऊआइमा के हरखपुर ग्राहक सेवा केंद्र संचालक शहजादे से अपने दो साथियों संग मिलकर दो लाख रुपये लूटे थे। इसमें से 25 हजार रुपये खर्च हो गए थे और बाकी के रुपयों का आज बंटवारा होना था।
सिपाही को मार दी थी गोली
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आशिक अली शातिर अपराधी है। उस पर पहले से सात मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास व लूट के मामले हैं। 2017 में उसने मानधाता थाने में तैनात सिपाही को गोली मारकर घायल कर दिया था। इसके अलावा हाल ही में मानधाता में ही एक व्यक्ति को गोली मारकर लूटने की कोशिश की थी। नाम प्रकाश में आने पर उस पर प्रतापगढ़ पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। इसके अलावा ग्राहक सेवा केंद्र में लूट के बाद जिला पुलिस ने भी उस पर 25 हजार का इनाम की घोषणा की थी।