मेडिकल छात्रा से गैंगरेप के दो आरोपी वारदात वाले दिन मुख्य आरोपी की कार लेकर धूमनगंज एक विवाह समारोह में दावत उड़ाने गए थे। पुलिस को इसकी जानकारी वारदात स्थल के पास वाले मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से मिली है। तकरीबन पौन घंटे के सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को कई अहम जानकारी मिली है। उधर, वारदात के आठ दिन बाद भी पुलिस पीड़िता का बयान नहीं दर्ज कर पाई है।
बहरिया इलाके की बीएएमएस छात्रा के साथ 23 फरवरी को झूंसी में गैंगरेप हुआ था। के एक कमरे में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वारदात में नामजद आरोपी सागर, अमित व विनीत जेल में हैं लेकिन अज्ञात आरोपियों को पुलिस अब तक चिन्ह्ति नहीं कर पाई है। उधर जांच पड़ताल में जुटी पुलिस को रविवार को अहम सुराग हाथ लगा। पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगा है जिससे पता चला है कि घटना में प्रयुक्त कार लेकर ही मामले के दो अन्य आरोपी दावत उड़ाने गए थे।
घटनास्थल के पास स्थित मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में यह तस्वीर कैद हुई है। तकरीबन पौन घंटे की रिकार्डिंग में दो अन्य आरोपी अमित और विनीत मुख्य आरोपी सागर की सफेद रंग की कार लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस की मानें तो कार विनीत चला रहा था। झूंसी पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी यहां से कार लेकर धूमनगंज एक विवाह समारोह में दावत उड़ाने गए थे। सीसीटीवी फुटेज पुलिस के जांच की अहम कड़ी मानी जा रही है। विवेचक एसएसआई प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को भी पीड़िता का बयान नहीं लिया जा सका। अब भी उसकी हालत में कोई खास सुधार नहीं बताया जा रहा है।