कर्नलगंज में रहने वाली 30 वर्षीय युवती को उसकी ही सहेली ब्लैकमेल कर रही है। आरोप है कि अश्लील वीडियो क्लिप वायरल करने की धमकी देकर उससे दो लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सहेली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुराना कटरा निवासी भुक्तभोगी का उसके पति से विवाद चल रहा है और कोर्ट में मामला भी विचाराधीन है। यही नहीं पति ने उसकेकुछ अंतरंग वीडियो भी बना लिए थे और इस मामले में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। भुक्तभोगी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि दिसंबर 2019 में उसकी मुलाकात कुंभ के दौरान भोपाल निवासी महिला से हुई जो खुद को एक संगठन की अध्यक्ष बताती है।
धीरे-धीरे उसने जान पहचान बढ़ाई और फिर उसकेघर भी आने लगी। आरोप है कि नवंबर 2020 में घर पर रुकने के दौरान ही सहेली उसके मोबाइल से वीडियो क्लिप ले लीं। अब पिछले एक महीने से बार-बार फोन कर धमका रही है कि दो लाख रुपये न देने पर वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर देगी। भुक्तभोगी का यह भी कहना है कि आरोपी महिला सेक्स रैकेट चलाती है और उसे देह व्यापार के धंधे में धकेलना चाहती है। कर्नलगंज पुलिस ने बताया कि फिलहाल तहरीर के आधार पर रंगदारी मांगने व आईटी एक्ट की धाराओं में नामजद केस दर्ज किया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।