इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में इस बार प्रवेश प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। बीए और बीएससी में छात्रों को मनपसंद विषय चुनने की आजादी दी गई है। हालांकि, बीएससी में विषयों की संख्या बहुत ही सीमित है, लेकिन बीए में अभ्यर्थी अब 100 नहीं, बल्कि 2700 से अधिक विषय कॉम्बिनेशन का चयन कर सकेंगे।
इस निर्णय से न केवल छात्र-छात्राओं, बल्कि इविवि प्रशासन को भी लाभ मिलेगा। पिछले साल सब्जेक्ट कॉम्बिनेशन सीमित होने के कारण 500 से अधिक सीटें खाली रह गईं थी। इससे पहले भी प्रवेश प्रक्रिया की यही हालत होती थी और अंत में कई विषयों की सीटें खाली रह जाती थीं। लेकिन, इस बार हुए बदलाव के कारण अब सभी विषयों की सीटें भर जाएंगी। उदाहरण के तौर पर पहले छात्र अरबी विषय के केवल पांच विषयों में ही विकल्प चुन सकते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उनके पास ढेरों विकल्प होंगे और उनमें से किसी भी विकल्प को चुन सकेंगे। प्रवेश भवन आने वाले छात्रों को फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें उनकी व्यक्तिगत जानकारियों के साथ छह विषयों का क्रमवार विवरण भी भरा जाएगा।
प्रवेश सीमित के निदेशक प्रो. मनमोहन कृष्ण और चेयरमैन प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि छात्रों को बहुत ही सावधानी के साथ विषयों को वरीयता क्रम में अंकित करना होगा, क्योंकि उन्हीं विषयों में से कोई तीन विषय आवंटित किए जाएंगे। हर विद्यार्थी को विषय और कोटे के आधार पर आवंटित सीटों की उपलब्धता में से तीन विषय आवंटित किए जाएंगे। अगर कोई विद्यार्थी विषय परिवर्तन की प्रार्थना करता है तो उसे निचले वरीयताक्रम के विषय ही प्राप्त होंगे। प्रवेश के प्रारंभ में ही प्रतिदिन कोटे के तहत उपलब्ध सीटों की संख्या घोषित की जाएगी और कटऑफ अंक के आधार पर अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए बुलाया जाएगा। कटऑफ की सूचना प्रवेश भवन के नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर भी नियमित रूप से प्रदर्शित की जाएगी।
प्रतिबंधित समूह के विषय इस प्रकार हैं
बीए
1. भाषाओं से संबंधित विषय में अभ्यर्थी अधिकतम किन्हीं दो विषयों का ही चयन कर सकेंगे। इनमें हिंदी, अंग्रेजी साहित्य/भाषा, संस्कृत, उर्दू, अरबी एवं फारसी विषय शामिल हैं।
2. अभ्यर्थी प्राचीन इतिहास, मध्यकालीन इतिहास और आधुनिक इतिहास विषय में केवल एक ही विषय का चयन कर सकेंगे।
3. सांख्यिकी और गणित का चयन केवल अर्थशास्त्र, भूगोल, प्रतिरक्षा अध्ययन, मनोविज्ञान एवं मानव विज्ञान विषय के साथ ही किया जा सकेगा।
बीएससी
1. गणित वर्ग के साथ मानव विज्ञान का चयन नहीं किया जा सकेगा।
2. जीव विज्ञानवर्ग के साथ भूगोल एवं मनोविज्ञान का चयन नहीं किया जा सकेगा।
बीए के विषय और सीटों का विवरण
विषय - सीटों की संख्या
प्राचीन इतिहास - 1320
मानव विज्ञान - 22
अरबी - 81
रक्षा अध्ययन - 220
अर्थशास्त्र - 826
शिक्षाशास्त्र - 826
अंग्रेजी भाषा - 220
अंग्रेजी साहित्य - 880
भूगोल - 481
हिंदी - 1430
गणित - 78
मध्यकालीन इतिहास - 1101
आधुनिक इतिहास - 166
पेंटिंग - 44
फारसी - 81
दर्शनशास्त्र - 1211
राजनीति विज्ञान - 826
मनोविज्ञान - 135
संस्कृत - 495
संगीत (सितार) - 32
सांख्यिकी - 22
संगीत (तबला) - 32
उर्दू - 131
संगीत (वोकल) - 32
19 को बीकॉम से शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया
प्रवेश समिति के निदेशक प्रो. मनमोहन कृष्ण ने बताया कि प्रवेश की प्रक्रिया 19 जून से शुरू होगी। सबसे पहले बीकॉम में प्रवेश लिए जाएंगे। अगले दिन से बीएससी में भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू किए जाने की योजना है और 23 जून से बीए में भी प्रवेश की प्रक्रिया शुरू किए जाने की योजना है। प्रो. मनमोहन कृष्ण के अनुसार दो से तीन दिनों में बीएएलएलबी, एलएलबी, एलएलएम और एमकॉम प्रवेश परीक्षा के परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे और एक सप्ताह बार परास्नातक प्रवेश परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। वहीं, संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा का परिणाम अगले माह जुलाई में घोषित किया जाएगा।
प्रवेश के लिए दस दस्तावेज जरूरी
इविवि के प्रवेश के लिए प्रवेश भवन आने वाले अभ्यर्थियों को दस प्रकार के दस्तावेज अपने साथ लाने होंगे। इनमें प्रवेशपत्र, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की मार्कशीट और सर्टिफिकेट की मूल एवं छाया प्रति। मूल ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी)/माइग्रेशन सर्टिफिकेट, पासपोर्ट आकार की दो फोटो जो तीन माह से अधिक पुरानी न हों, आधार कार्ड की फोटोकॉपी, गरीब सवर्ण आरक्षण के तहत ईडब्ल्यूएस का सर्टिफिकेट और ओबीसी, एससी एवं एसटी के अद्यतन जाति प्रमाणपत्र की मूल एवं छाया प्रति।
बीएफए, बीपीए का प्रैक्टिल विभाग में
बीएफए की प्रवेश परीक्षा-2019 में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थी प्रैक्टिकल के लिए 27 जून को सुबह 11 बजे डिपार्टमेंट ऑफ फाइन आर्ट्स और बीपीए प्रवेश परीक्षा-2019 में उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थी 18 जून को सुबह 11 बजे संगीत विभाग में संपर्क करेंगे।
अभ्यर्थियों की उपस्थिति अनिवार्य
विद्यार्थी प्रवेश के लिए समस्त दस्तावेजों के साथ प्रवेश खिड़की पर घोषित तिथि एवं समय पर स्वयं उपस्थित होंगे। विद्यार्थी के स्थान पर अभिभावक या किसी अन्य सहयोगी के आने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय से किसी प्रकार की व्यक्तिगत सूचना उनके पते पर उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।