टीजीटी अवशेष पैनल में शामिल प्रतियोगियो ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड का घेराव किया। इन प्रतियोगियों की मांग है कि चयन बोर्ड की ओर से घोषित टीजीटी के रिजल्ट के अवशेष पैनल में शामिल अभ्यर्थियों को विद्यालयों का आवंटन किया जाए। अभ्यर्थी चयन बोर्ड के अध्यक्ष से मिलने की मांग कर रहे थे परंतु उन्होंने मिलने से इनकार कर दिया। चयन बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि अवशेष पैनल में शामिल अभ्यर्थियों को उसी शर्त पर विद्यालयों का आवंटन किया जा सकता है जब चयनित पद पर सफल अभ्यर्थी ज्वाइन न करें। ज्वाइन न करने की दशा में पद खाली रहने पर किसी अभ्यर्थी को नियुक्ति दी जा सकती है, अवशेष पैनल में शामिल होना संस्था आवंटन की शर्त नहीं है। चयन बोर्ड पर प्रदर्शन करने पहुंचे अभ्यर्थियों में अनिल सिंह, राजेश सचान, सुरेन्द्र पांडेय अरविंद मौर्या, राहुल सिंह, संजय मिश्रा, डा सरिता सिंह सहित कई प्रतियोगी शामिल रहे।