जालसाजों ने रावतपुर स्थित यूनाइटेड मेडिसिटी को 16 लाख का चूना लगा दिया। मेडिकल उपकरणों के नाम पर उनसे रकम ले ली और फिर इसे हड़प कर गए। अस्पताल के प्रबंधक की ओर से इस मामले में साइबर थाने में दो लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
प्रबंधक वीएन सिंह की ओर से तहरीर देकर बताया गया है कि 28 मई को निदेशक के पास एक फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को सवित सिंह बताते हुए कहा कि वह मेडिकल उपकरण वाजिब दाम में उपलब्ध करा देगा। कुछ मेडिकल उपकरणों की फोटो भी उसने व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी। अस्पताल को उपकरणों व दवाओं की जरूरत थी। इसके बाद सवित ने नीरज सिंह को शहर भेजा। जिसे अस्पताल प्रबंधन की ओर से तीन मई को 16 लाख रुपये दिए गए और उसने इसकी रिसीविंग भी दी। कहा कि एक-दो दिन मेें डिलीवरी हो जाएगी लेकिन अब तक उपकरण नहीं मिले। आरोप है कि जालसाजी कर दोनों ने रकम हड़प ली। साइबर थाना पुलिस की ओर से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
कार्य में लापरवाही पर चौकी प्रभारी निलंबित
कोरांव थाने की रामगढ़ चौकी के प्रभारी सुनील कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उन पर कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप है। सूत्रों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के संबंध में कुछ शिकायतें अफसरों के पास पहुंची थी। जिसके बाद ही यह कार्रवाई की गई।