अधीक्षक ने वरिष्ठ छात्रों से मारपीट और पथराव करने के आरोप में की कार्रवाई
प्रयागराज। सर सुंदर लाल (एसएसएल) छात्रावास के चार अंत:वासियों को 24 दिसंबर की रात वरिष्ठ छात्रों की पिटाई करने, रात में ही एनेक्सी भवन पर पथराव करने और उसमें रहने वाले छात्रों को धमकी देने के आरोप में अधीक्षक ने छात्रावास से निलंबित करने के साथ कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
छात्रावास अधीक्षक डॉ. राकेश सिंह की ओर से एसएसएल छात्रावास के छात्रों बीए तृतीय वर्ष के विकास कुमार यादव, बीए तृतीय वर्ष के अभिषेक कुमार, बीए तृतीय वर्ष के अंकित मिश्र, बीए प्रथम वर्ष के आदित्य यादव को बुधवार शाम पांच बजे तक छात्रावास छोड़ने एवं छह जनवरी को शाम चार बजे प्रॉक्टर कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने को कहा है। अधीक्षक की ओर से भेजे पत्र में कहा गया कि क्यों न छात्रावास से आपका प्रवेश निरस्त कर दिया जाए। चारों छात्रों को कहा गया कि छात्रावास से आपका निलंबन प्रॉक्टर के अग्रिम आदेश तक जारी रहेगा।