आराम से स्टेशन पहुंचेंगे यात्री, लगाए जाएंगे 500 से ज्यादा फ्लैक्स बोर्ड
महाकुंभ के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो इसके लिए रेलवे द्वारा इस बार खास इंतजाम किया जा रहा है। रेलवे प्रयागराज में 500 से ज्यादा फ्लैक्स बोर्ड लगवाएगा, जिसमें सभी स्टेशनों से चलने वाली ट्रेनों की जानकारी भी रहेगी और यात्रियों को यह भी मालूम हो जाएगा कि उन्हें अपने रूट की ट्रेनें किस स्टेशन से मिलेंगी।
महाकुंभ मेले में इस बार जिला प्रशासन ने 40 करोड़ लोगों के आने का अनुमान लगाया है। महाकुंभ में रेलवे रूटवार ट्रेनों का संचालन स्टेशनों से करेगा। वाराणसी, गोरखपुर रूट की ट्रेनों का संचालन जहां प्रयागराज रामबाग, झूंसी से होगा तो वहीं अयोध्या, लखनऊ, बरेली रूट की ट्रेनें प्रयागराज संगम एवं प्रयाग जंक्शन से संचालित होंगी।
इसी तरह कानपुर, दिल्ली, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, मानिकपुर रूट की ट्रेनें प्रयागराज जंक्शन तो प्रयागराज छिवकी से मानिकपुर, झांसी रूट की ट्रेनों का संचालन होगा। मेले में आने वाले यात्रियों को यह जानकारी मिल सके इसके लिए संपूर्ण मेला क्षेत्र के अलावा शहर के प्रमुख मार्गों पर रेलवे ने 500 से ज्यादा फ्लैक्स बोर्ड लगाने की तैयारी की है।
फ्लैक्स बोर्ड के माध्यम से तीर्थ यात्रियों को संबंधित स्टेशन तक पहुंचने वाले मार्ग के बारे में भी बताया जाएगा। इसके अलावा मेला क्षेत्र में रेलवे के दो शिविरों के माध्यम से भी लगातार यात्रियों को जानकारी दी जाती रहेगी कि रूटवार उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए किस स्टेशन पर जाना है। बुधवार को मेला क्षेत्र स्थित कमांड सेंटर में यह जानकारी प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात को भी दी गई। इस दौरान रेलवे द्वारा अपनी तमाम तैयारियों के बारे में प्रमुख सचिव को अवगत कराया गया।