इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हालैंड हाल हॉस्टल परिसर तथा इसके बाहर पिछले दिनों हुई बमबाजी की घटना में शामिल छात्रावास के चार अंत:वासियों को निष्कासित कर दिया गया है। उन्हें शनिवार सुबह 10 बजे तक हॉस्टल खाली करने के लिए कहा गया है। अन्यथा, पुलिस फोर्स बुलाकर कार्रवाई की जाएगी।
लगातार चार दिनों तक 29, 30 एवं 31 मई तथा एक जून के बीच छात्रावास परिसर में तथा बाहर बमबाजी की घटनाएं हुईं थीं। छात्रावास के अधीक्षक रंजीत सिंह ने बताया कि इसके लिए एलएलबी द्वितीय वर्ष का छात्र विजय यादव (कक्ष संख्या 32), इसी कक्षा का सौरभ दीक्षित (कक्ष संख्या 10), बीएम प्रथम वर्ष का मृत्युंजय कुमार (कक्ष संख्या सेमिनार एक) तथा बीए द्वितीय वर्ष का छात्र शिवम यादव (कक्ष संख्या 88) दोषी पाया गया है।
उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए चारों छात्रों को छात्रावास से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है। उनसे शनिवार को सुबह 10 बजे तक सामान निकाल ले जाने के लिए कहा गया है। उनका कहना है कि दोषी छात्र परिसर नहीं छोड़ते हैं तो फोर्स की मदद से कमरे खाली कराए जाएंगे।
प्रोफेसर आदेश बने विधि संकाय के अध्यक्ष
प्रयागराज। प्रोफेसर आदेश कुमार इलाहाबाद विश्वविद्यालय विधि संकाय के नए अध्यक्ष होंगे। वह प्रोफेसर आरके चौबे का स्थान लेंगे। उन्होंने शुक्रवार को कार्यभार भी ग्रहण कर लिया। इस मौके पर शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनका स्वागत किया। ब्यूरो