यमुनापार की औद्योगिक पुलिस ने सोमवार को एटीएम मशीन हैंग कर उसका डाटा चोरी कर दूसरा कार्ड तैयार कर लोगों को हजारों का चूना लगाने वाले गैंग के मुख्य आरोपी समेत चार को गिरफ्तार किया है। इनके ऊपर नैनी, औद्योगिक समेत कई थानों में सैकड़ों मामले दर्ज हैं।
गैंग के मुखिया पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। इसके साथ पुलिस ने उस पर पंद्रह हजार का इनाम भी घोषित कर रखा था। पकड़े गए बदमाशों के साथ कई एटीएम कार्ड, कार्ड रीडर समेत एक कार भी बरामद की गई है।
करछना से औद्योगिक थाना जाने वाले रास्ते पर पकड़ा गया रवि पांडेय पुत्र महेंद्र प्रसाद पांडेय निवासी कौवा थाना करछना एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाला गैंग का सरगना है। इस पर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई के साथ ही पंद्रह हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
इस पर खुल्दाबाद, नैनी, कोरांव, घूरपुर और औद्योगिक क्षेत्र में कई मुकदमे दर्ज हैं। रवि के साथ ही उसके साथी परमेंद्र सिंह निवासी चौहान का पुरा, रामबाबू मिश्र निवासी मिर्जापुर तथा उमेश दुबे पुत्र रमाकांत दुबे निवासी मिर्जापुर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन पर भी सोरांव, घूरपुर और औद्योगिक क्षेत्र में कई मुकदमे दर्ज हैं।
इंसपेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाश एटीएम कार्ड रीडर के जरिये डाटा चोरी कर लोगों को हजारों का चूना लगाते थे। वे उसी एटीएम को अपना निशाना बनाते थे, जहां सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं रहते थे।
पकड़े गए जालसाजों के पास से कई एटीएम मशीन, कार्ड रीडर डाटा व ब्रेजा कार बरामद की गई है। पुलिस टीम में औद्योगिक क्षेत्र इंसपेक्टर बृजेश सिंह दरोगा मनोज कुमार, रवि कुमार कटियार, हेड कांस्टेबल धरणीधर राय, रामसूरत यादव, कांस्टेबल पंचदेव सिंह, सागर सिंह तथा बृजेश कुमार राय आदि शामिल थे।