Prayagraj News : रीवा सड़क हादसे के घायल प्रयागराज पहुंचे।
- फोटो : अमर उजाला।
शंकरगढ़ सीमा पर रीवा के सोहागी में हुए हादसे के दौरान मौके से लेकर अस्पताल तक कोहराम मचा रहा। हादसा इतना भयावह था कि ड्राइवर केबिन में बैठे चार लोग बस के अगले हिस्से में फंस गए। इसके बाद मौके पर जेसीबी मंगवाकर क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर घायलों को बाहर निकलवाया गया। हादसे के बाद वहां चीखपुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। ड्राइवर समेत चार लोग लहुलुहान हालत में इसमें फंसे थे। उधर भीतर बैठे यात्रियों में चीखपुकार मची थी।
जानकारी पर सोहागी थाना इंचार्ज ओपी तिवारी मौके पर पहुंचे तो हर तरफ चीखपुकार मची थी। तब तक बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जुट गए। उनकी मदद से पहले बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाया गया। इसके बाद एंबुलेंस व राहगीरों के वाहनों से उन्हें त्योंथर सिविल अस्पताल भेजवाने का काम शुरू हुआ। बस में सवार ज्यादातर यात्री चोटिल हुए थे। इसके बाद क्षतिग्रस्त हो चुके बस के अगले हिस्से में फंसे लोगों को निकलवाने का प्रयास शुरू हुआ।
हालांकि इसमें नाकामी हाथ लगी। तब तक पुलिस व प्रशासनिक अफसरों का भी मौके पर पहुंचना शुरू हो गया था। मौके की स्थिति को देखते हुए वहां जेसीबी मंगवाया गया। इसके बाद बस के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर भीतर फंसे लोगों को अस्पताल भेजवाया गया। लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके अलावा 10 अन्य लोगों ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इनमें से सात की मौत सिविल अस्पताल जबकि तीन की मौत रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। सोहागी थाना इंस्पेक्टर ओपी तिवारी ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि देर रात तक 14 मृतकों की पहचान हो गई थी। जबकि एक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।