मर्जर वाले बैंकों के खाताधारक 31 मार्च से पहले नई चेक बुक प्राप्त कर लें। अन्यथा, एक अप्रैल से उन्हें परेशानी उठानी पड़ सकती है। 31 मार्च के बाद संबंधित बैंकों से जारी चेक मान्य नहीं होंगे। पीएनबी में मर्ज बैंकों की बाबत सर्कुलर बैंक में पहुंच गया है। अन्य बैंकों में भी एक दिनों में आदेश पहुंचने की बात कही जा रही है।
इलाहाबाद, देना, विजया, कारपोरेशन, आंध्रा, ओरिएंटल, युनाइटेड और सिंडीकेट बैंक का अलग-अलग बैंकों में मर्जर हो चुका है। इनके डाटा भी नए बैंक के सर्वर पर ट्रांसफर किए जा चुके हैं। नए बैंक का आईएफएससी एवं माइकर कोड भी एलाट हो चुका है। इसके बाद सभी बैंकों की ओर से नई चेकबुक जारी होने लगी हैं।
अभी पुराने बैंक से जारी चेक भी मान्य हैं लेकिन अब नए चेक लेने होंगे। पीएनबी के एक वरिष्ठ अफसर ने बताया कि सर्कुलर आ गया और 31 मार्च तक ही पुराने बैंक के चेक मान्य होंगे। इंडियन बैंक के एक वरिष्ठ अफसर ने बताया कि इस बाबत एक मैसेज आया है लेकिन अभी सर्कुलर नहीं आया है। शुक्रवार को आदेश मिल जाता है तो सभी ग्राहकों को भी यह सूचना भेजी जाएगी। ताकि, लोग समय रहते नई चेक बुक जारी करा लें।