एक फ्लैट की लागत छह लाख, 2.50 लाख रुपये मिलेगा अनुदान
लूकरगंज में अतीक से मुक्त कराई गई जमीन पर बनने वाले आशियानों में एक फ्लैट की लागत छह लाख रुपये आएगी। इसमें से 1.50 लाख रुपये का अनुदान केंद्र सरकार देगी। जबकि, एक लाख रुपये का अनुदान राज्य सरकार की ओर से दिया जाएगा। इसके अलावा 3.50 लाख रुपये इस आवासीय योजना के तहत चयनित लाभार्थी को देना होगा।
माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आशियाने का निर्माण शुरू होने से लोगों में उम्मीद जग गई है। लोगों का कहना है कि यह इलाका पहले माफिया के खौफ से कांपता था। ऐसे में लोगों को उम्मीद ही नहीं थी कि भूमि पूजन के बाद इतनी जल्दी यहां काम भी शुरू हो पाएगा, लेकिन काम आरंभ होने के साथ ही लोगों के चेहरे पर मुस्कान तैरने लगी है।
माफिया से मुक्त कराई गई भूमि पर आवास योजना के तहत निर्माण आरंभ करा दिया गया है। नींव भरने का काम पूरा हो गया है। अगर कोई व्यवधान नहीं आया तो निर्धारित समयावधि के भीतर इस आवासीय योजना को पूरा कर लिया जाएगा। लॉटरी से इस योजना के लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। अरविंद कुमार चौहान- उपाध्यक्ष, प्रयागराज विकास प्राधिकरण।