खुल्दाबाद में आधी रात पहुंचे दो बदमाशों ने पूर्व डिप्टी एसपी के बेटे अबोध मानस गुप्ता को चापड़ मार दिया। घरवाले उन्हें लहूलुहान हालत में अस्पताल ले गए जहां प्राथमिक उपचार हुआ। हमले की वजह भुक्तभोगी भी नहीं बता सके। पुलिस अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
अबोध मानस खुल्दाबाद सब्जीमंडी के पास काली माई मंदिर के पास रहते हैं। उनके पिता का निधन हो चुका है जो पुलिस विभाग में सीओ के पद से रिटायर हुए थे। केबल टीवी का काम करने वाले अबोध ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार रात अचानक किसी ने दरवाजा खटखटाया। वह बाहर पहुंचे तो वहां दो लोग मिले। उनमें से एक के हाथ में चापड़ था। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही एक बदमाश ने उनके पेट में चापड़ से हमला कर दिया।
उन्होंने खुद को बचाने की कोशिश की तो दोबारा हाथ पर वार किया। लहुलुहान होकर वह जमीन पर गिरे तो हमलावर भाग निकले। उनकी चीख सुनकर पहुंचे घरवालों ने सूचना दी तो पुलिस पहुंची। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
खुल्दाबाद इंस्पेक्टर ने बताया कि हमले की वजह के बारे में भुक्तभोगी कुछ बता नहीं पाए। हालांकि उनका कहना है कि हमलावर सामने आएं तो वह उन्हें पहचान लेंगे। फिलहाल अज्ञात में केस दर्ज किया गया है। यह भी पता चला है कि कुछ वक्त पहले मोहल्ले के ही युवकों ने घर के बगल स्थित पार्क में शराब पीने से मना करने पर उनसे विवाद किया था। जांच पड़ताल की जा रही है।