सरायइनायत थाना क्षेत्र के सेमरा गांव के रहने वाले गणेश भारतीय की बुधवार देर शाम हत्या कर दी गई थी। गणेश का बेटा अनिल भारतीय रोजगार सेवक है। पंचायत भवन के निर्माण को लेकर गांव के ही कुछ दबंगों से अनिल का विवाद चल रहा था। बुधवार दिन में अनिल ग्राम प्रधान के साथ सहसो ब्लाक गया। वापस लौटते समय गांव के ही दबंग जितेंद्र सिंह ने अनिल की पिटाई कर दी। अनिल घर पहुंचा तो उसने पिता गणेश व परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी। इस पर गणेश चार-पांच लोगों के साथ जितेंद्र सिंह के घर शिकायत करने पहुंचे तो वह भड़क गया और अपनी छत पर चढ़कर हवाई फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद ऊपर से ईंट-पत्थर फेंकने लगा। पत्थर से गणेश के सिर में चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया लेकिन त्रिवेणीपुरम झूंसी के पास ग्रामीणों ने शव छीन लिया। शव सुबह चार बजे पुलिस को गांव में सौंपा गया। बृहस्पतिवार दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीण सहसो गोल चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर फूलपुर, सरायइनायत, थरवई, सरायममरेज, हंडिया, झूंसी सहित गंगापार के कई थानों की फोर्स के साथ ही एसडीएम युवराज सिंह भी मौके पर पहुंचे और किसी तरह समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। एसपी गंगापार अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने जितेंद्र सिंह, शोभित सिंह और अमित सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तलाश में दबिश दी जा रही है।
परिजनों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
गणेश के घर वालों ने एसडीएम को राष्ट्रपति को संबोधित एक पत्र सौंपा, जिसमें आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के अलावा पीड़ित परिवार को दो शस्त्र लाइसेंस और पचास लाख रुपये की आर्थिक सहायता की मांग की गई थी। इसके अलावा जमीन का पट्टा तथा एक सरकारी नौकरी की मांग भी की गई।
रोजगार सेवक संघ ने भी जताई नाराजगी
रोजगार सेवक अनिल भारतीय के पिता गणेश भारतीय की हत्या के बाद रोजगार सेवक संघ के नेताओं ने घर पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट करते हुए हत्यारोपियों की गिरफ्तारी, परिवार को दस लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग की। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश पटेल, मंडल अध्यक्ष विजय चन्द्र विश्वकर्मा, हरिओम प्रकाश, कोमल सरोज, दिनेश कुमार, अरूण पांडेय, अनिल यादव, दिलीप सरोज, मधुकर आदि रहे।