सोमवार को छावनी परिषद में विशेष बच्चों के लिए शुरू हुए स्कूल का उद्घाटन करते मेजर जनरल एसके सिंह और अन्य अतिथिगण।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
श्रवण बधिर, मानसिक रूप से मंद जैसी विभिन्न कटेगरी के दिव्यांग बच्चों को अब नई दिशा मिल सकेगी। छावनी परिषद ने ऐसे बच्चों के लिए एक नया स्कूल ‘उड़ान’ शुरू किया है। यहां बच्चों को स्पीच थेरेपी, फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी काउंसलिंग, मनोचिकित्सकीय जांच मेडिकल सुविधा, स्पोर्ट्स समेत वोकेशनल ट्रेनिंग बहुत ही मामूली शुल्क में दी जाएगी। सोमवार को स्कूल का उद्घाटन मुख्य अतिथि जीओसी पूर्व यूपी एंड एमपी सब एरिया के मेजर जनरल एसके सिंह एवं आवा की अध्यक्ष बाला सिंह ने संयुक्त रूप से किया। मेजर जनरल ने कहा कि ऐसे बच्चों की क्षमताओं को विकसित करने के लिए बड़े ही धैर्य की जरूरत है। अध्यक्ष बाला सिंह ने बच्चों को गिफ्ट बांटे।
कार्यक्रम में छावनी परिषद की सीइओ शालिनी पांडेय ने कहा कि उड़ान से दिव्यांगों को नई दिशा मिलेगी। स्कूल के प्रधानाचार्य विजय शंकर ने बताया कि बच्चों के लिए वाहन सुविधा, स्पेशल एजूकेटर भी नियुक्ति किए गए हैं। आवश्यकता के अनुरूप बच्चों को ट्रेनिंग दी जाएगी। स्कूल में पांच वर्ष से 16 वर्ष तक के बच्चों का रजिस्ट्रेशन होगा। इस मौके पर छावनी परिषद के उपाध्यक्ष अरुन कुमार सोनकर, निर्वाचित पार्षद समेत बड़ी संख्या में दिव्यांग और उनके अभिभावक मौजूद रहे।