इविवि प्रवेश भवन पर प्रवेश को पहुंचे छात्र-छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में सत्र के साथ ही कक्षाएं शुरू करने के दावों को एक बार फिर सुस्त कार्यप्रणालि का झटका लगा है। विज्ञान विषयों की कक्षाएं जुलाई में नहीं चल पाएंगी। बीएससी प्रथम वर्ष ही नहीं द्वितीय एवं तृतीय वर्ष में भी अभी तक नामांकन नहीं हुआ है। इनकी कक्षाएं तीन अगस्त से प्रस्तावित हैं।
विश्वविद्यालय में पहली बार एकेडमिक कैलेंडर जारी किया गया। इसे लागू करने को लेकर दावे भी किए गए। इसके अनुसार चार जुलाई से सत्र शुरू हो चुका है और उसी दिन से कक्षाओं की गिनती भी शुरू हो गई है। इसके विपरीत अभी तक कुछ कक्षाएं ही शुरू हो पाई हैं। प्राचीन इतिहास की एमए तृतीय सेमेस्टर की कक्षाएं सोमवार को शुरू हुईं। एससी द्वितीय और तृतीय वर्ष में अभी नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई है। उन्हें 26 जुलाई तक फीस जमा कर आवेदन करने के लिए कहा गया है। इसके बाद कक्षाएं तीन अगस्त से शुरू होंगी। बीएससी प्रथम वर्ष में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को भी नामांकन कराने के लिए कहा गया है। गणित और जीव विज्ञान संवर्ग के विद्यार्थी संबंधित विभाग में संपर्क करें। कक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलेंगी।
विधि की 25 से चलेंगी कक्षाएं
एलएलबी ऑनर्स तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर तथा बीएएलएलबी तृतीय, पंचम, सप्तम और नौवें सेमेस्टर की कक्षाएं 25 जुलाई से शुरू होंगी। एलएलएल द्वितीय वर्ष की कक्षाएं भी 25 जुलाई से चलेंगी। विभागाध्यक्ष प्रो. आरके चौबे ने बताया कि टाइम टेबल सूचना बोर्ड पर लगा दिया गया है।