Prayagraj News : फुटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेते खिलाड़ी।
- फोटो : प्रयागराज
नॉर्दन फुटबॉल अकादमी द्वारा बाल दिवस पर एक दिनी अंडर-15 फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन अकादमी की झलवा शाखा विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल के फुटबॉल मैदान पर किया गया। फाइव ए साइड फुटबॉल (फुटसल) अंडर-15 प्रतियोगिता में न्यू कैंट फुटबॉल क्लब विजेता एवं विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल उपविजेता, नॉर्दन फुटबॉल अकादमी तीसरे एवं सुल्तानपुर फुटबॉल अकादमी चौथे पायदान पर रही।
अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक इंद्रनील घोष के अनुसार प्रतियोगिता में कुल चार टीमों ने भाग लिया एवं लीग आधार पर यह खेला गया। न्यू कैंट फुटबॉल क्लब एवं विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल की फुटबॉल टीम ने तीन-तीन मैच खेलकर कुल सात अंक अर्जित किए। दोनों टीमों ने दो-दो मैच जीते एवं एक मैच ड्रॉ रहा। दोनों टीमों का गोल मारने का औसत भी बराबर रहा। आयोजन सचिव इंद्रनील घोष ने नियमो के अनुसार कम गोल खाने वाली टीम न्यू कैंट को प्रथम, जबकि विष्णु भगवान को दूसरा स्थान सुनिश्चित किया I
मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाडी एवं गोलकीपर अलोक कुमार सिंह ने विजेताओं को पुरस्कृत किया, जबकि विशिष्ट अतिथि धनंजय कुमार सिंह, रजिस्ट्रार, शंभुनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन एवं शनि प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। हिमांशु यादव को प्रतियोगिता का उभरता हुआ खिलाडी एवं आदित्य मौर्या को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मिला।