इनमें से अब तक केवल सम्मिलित राज्य कृषि सेवा भर्ती परीक्षा का रास्ता साफ हो सका है। शासन स्तर से पाठ्यक्रम को अनुमोदन पर आयोग इस भर्ती का विज्ञापन जारी कर चुका है और इन दिनों ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि, आयोग ने अभी इस भर्ती परीक्षा के लिए कोई तिथि घोषित नहीं की है। आयोग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया था कि ये सभी परीक्षाएं आरक्षित तिथियों में समायोजित की जाएंगी।
कैलेंडर जारी हुए साढ़े तीन माह बीत गए हैं, लेकिन बाकी पांच भर्तियां अब तक फंसी हुई हैं। आयोग को भी शासन से हरी झंडी मिलने का इंतजार है, ताकि भर्तियां शीघ्र शुरू कराई जा सकें। वहीं, आयोग ने मार्च और अप्रैल में पांच भर्ती परीक्षाएं स्थगित कर दी थीं और ये परीक्षाएं भी आगामी आरक्षित तिथियों में कराई जानी हैं। ऐसे में अन्य भर्तियों के लिए अभ्यर्थियों को अगले साल तक इंतजार करना पड़ सकता है।