नगर नियोजक के 24 पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा 30 को
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से सहायक नगर नियोजक भर्ती-2023 के अंतर्गत 24 पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा 30 जून को होगी। परीक्षा प्रयागराज और लखनऊ के विभिन्न केंद्रों पर होगी। आयोग ने 24 पदों के लिए 2023 में 14 अगस्त से 14 सितंबर के बीच ऑनलाइन आवेदन लिए थे। इनमें 11 पद अनारक्षित हैं। ओबीसी के छह, एससी के पांच, ईडब्ल्यूएस के दो तथा क्षैतिज आरक्षण के तहत भूतपूर्व सैनिक के एक और महिला के चार पद हैं।
अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर ओटीआर की मदद से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के अलावा दो फोटोग्राफ तथा पहचान पत्र की मूल एवं फोटो प्रति लानी होगी। परीक्षा एक पाली में सुबह 9.30 से 11.30 बजे के बीच होगी। अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटा पहले केंद्र परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले ही गेट बंद कर दिया जाएगा। यानि, परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले तक केंद्र पर पहुंच जाना होगा।
कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती में 1853 पदों को जोड़ने की मांग
प्रतियोगियों ने कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक भर्ती में रिक्त 1853 पदों को भी शामिल करने की मांग की है। प्रयागराज के प्रतियोगियों ने लखनऊ में आयेाजित जनता दरबार में शामिल होकर मुख्यमंत्री को मांगपत्र सौंपा और अपनी बात रखी।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से पीईटी-2023 के अंतर्गत कृषि प्राविधिक सहायक के 3446 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके विपरीत जनता दरबार में पहुंचे प्रतियोगी अभिनव मिश्रा, पवनेश सिंह का कहना था कि इस पद पर भर्ती का विज्ञापन पांच वर्ष बाद जारी हुआ है। उनका कहना था कि कृषि विभाग की ओर से दी गई अधियाचित पदों की संख्या 5299 थी। इसके बावजूद 3446 पदों के लिए ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रतियोगियों ने शेष 1853 को भी इस भर्ती में शामिल करने की मांग की।
प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष प्रशांत पांडेय का कहना है कि इस भर्ती को लेकर प्रतियोगी पांच साल से संघर्षरत हैं। इसके बाद भी कम पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रशांत ने भी 1853 पदों को भर्ती में शामिल करने की मांग की है।