कोरोना के चलते लॉकडाउन को देखते हुए केंद्रीय विद्यालय संगठन ने नए शैक्षिक सत्र की पहली तिमाही की फीस 30 अप्रैल तक जमा करने निर्णय लिया है। अब फीस जमा करने पर अंतिम निर्णय 30 अप्रैल को देश मे कोरोना की स्थिति को देखने के बाद लिया जाएगा। केन्द्रीय विद्यालय ओल्ड कैंट के प्रधानाचार्य राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि जरूरत हुई तो तिथि और आगे बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संगठन ने संबंधित बैंकों से भी अपने फीस कलेक्शन पोर्टल को अपडेट करने को कहा है।
शहर में आठ विद्यालयों के छात्रों को मिलेगा लाभ
केंद्रीय विद्यालय संगठन के इस निर्णय से शहर के आठ केंद्रीय विद्यालयों के 10 हजार से अधिक छात्रों को लाभ मिलेगा। देश भर में इस समय लगभग 12 सौ केंद्रीय विद्यालय है, जिनमें करीब 12 लाख बच्चे पढ़ते है।
बैकों में ऑनलाइन जमा होती है फीस
केंद्रीय विद्यालयों के बच्चों की फीस मौजूदा समय में बैंक के जरिए आनलाइन जमा होती है। साथ ही कुछ लोग बैंक से चालान के जरिए भी जमा कराते है।
पहली तिमाही अप्रैल से जून तक की फीस एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक जमा होती है। 15 अप्रैल के बाद शुल्क जमा करने पर फाइन देनी होती है। ऐसे में संगठन के इस फैसले से छात्रों और अभिभावकों को राहत मिली है।