पडरैया गांव स्थित एक पेट्रोल पंप को रुपये लेने के बाद भी मालिक पर मुकरने का आरोप लगा है। मामले में पंप मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रयागराज के स्टैनली रोड निवासी रामसेवक यादव का आरोप है कि उन्होंने प्रीतम नगर के रहने वाले राजेंद्र कुमार यादव से सोरांव के पडरैया गांव स्थित पेट्रोल पंप को खरीदने के लिए डेढ़ करोड़ रुपये में सौदा तय किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि 85 लाख रुपये जुलाई महीने में पेमेंट कर दिया गया था। इकरारनामा हुआ था कि तीन महीने तक पार्टनरशिप में रहने के साथ सभी कागजी कार्रवाई पूरा करने व शेष रकम भुगतान के बाद पेट्रोल पंप को हस्तांतरित किए जाने का मसौदा हुआ था।
कहा कि अब आरोपी राजेंद्र कुमार यादव वादे से मुकर गया। पेट्रोल पंप हस्तांतरण की बात करने के लिए जब उन्होंने नियत समय पर राजेंद्र कुमार यादव व उनके साथियों से मिला तो उन्होंने दबंगई करते हुए धमकी दी। रामसेवक यादव ने सोरांव थाने में आरोपियों के विरुद्ध तहरीर देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस बाबत सोरांव प्रभारी निरीक्षक केशव वर्मा ने बताया कि तहरीर के अनुसार प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। आगे जांच के दौरान दोनों पक्षों के साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।