फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: कमलनाथ की ओएसडी और उनके आईएएस पति पर मुकदमा

Mon, 01 Jul 2019 06:05 AM IST
Abhishek Singh अमर उजाला ब्यूरो, प्रयागराज
विज्ञापन
कमलनाथ - फोटो : Facebook
विज्ञापन

मप्र के सीएम कमलनाथ की ओएसडी प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव और उनके आईएएस पति मनु श्रीवास्तव के खिलाफ जार्जटाउन थाने में आपराधिक साजिश का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि जमीन के विवाद में दंपति के इशारे पर चार लोगों ने घर में घुसकर गालीगलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। 

विज्ञापन


जार्जटाउन निवासी अशोक कुमार पांडेय का आरोप है कि 1995 में रेंट कंट्रोल अधिकारी से आवंटित होने के बाद वह लाउदर रोड पर बने मकान में परिवार समेत रहते हैं। आरोप है कि स्वामिनी स्व. बीना श्रीवास्तव ने मकान को उनके पक्ष में बेचने का अनुबंध किया था, जिसके तहत उन्होंने मकान का कुल मूल्य पांच लाख रुपये, एक लाख बैंक ड्राफ्ट व चार लाख नगद अदा किया था।  लेकिन अपने पुत्र मनु श्रीवास्तव व बहू प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के बहकावे में आकर उन्हें जबरन बेदखल का प्रयास करने लगीं।

जिस पर उन्होंने 1999 में न्यायालय में मुकदमा दाखिल कर स्थगन आदेश प्राप्त कर लिया। वादी के मुताबिक आईपीएस अधिकारी प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव वर्तमान में मप्र के मुख्यमंत्री कमलनाथ की ओएसडी, जबकि उनके पति मनु श्रीवास्तव मप्र सरकार में वाणिज्यिक कर विभाग के प्रमुख सचिव हैं। 
विज्ञापन


आरोप है कि बीना श्रीवास्तव की मौत के बाद मनु श्रीवास्तव व प्रियंका श्रीवास्तव विधिक उत्तराधिकारी के रूप में पक्षकार बनकर मुकदमा लड़ रहे हैं। यह भी आरोप है कि मनु व उनकी पत्नी प्रज्ञा ऋचा साजिश कर मकान न खाली करने पर उन्हें जान से मारने व झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे चुके हैं। 26 मई को भुक्तभोगी सुबह 10-11 बजे अपने निवास के बरामदे में बैठे थे।

आरोप है कि तभी असलहे से लैस चार अज्ञात व्यक्ति अंदर घुस आए और उनके सीने पर तमंचा सटा दिया। फिर गालीगलौज करते हुए कहा कि जैसा मनु व प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव चाहते हैं, चुपचाप मकान खाली कर दो वरना घर के किसी आदमी को जिंदा नहीं छोड़ेंगे। 27 मई को जार्जटाउन थाने व 31 मई को एसएसपी से शिकायत की गई लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई।

जिसके बाद 10 जून को भुक्तभोगी ने कोर्ट में 156(3) के तहत आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। कोर्ट के आदेश पर शनिवार को मामले में मनु श्रीवास्तव, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव व चार अज्ञात के खिलाफ विभन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। जार्जटाउन पुलिस का कहना है रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें