पूर्व विधायक नीलम करवरिया का शव कल्याणी देवी पहुंचने पर उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
मेजा लाया गया नीलम का शव
मेजा की पूर्व विधायक नीलम करवरिया का शव शाम को करीब साढ़े चार बजे उनके मेजा लखनपुर आवास पर लाया गया। यहां उनके समर्थकों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किया। भारी संख्या में लोग जुटे रहे। भीड़ की वजह से इलाहाबाद मिर्जापुर राजमार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। काफी देर तक श्रद्धांजलि कार्यक्रम होने के बाद शव को शहर के कल्याणी देवी स्थित आवास पर लाया गया। यहां पर समर्थकों की भारी भीड़ रही। बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व विधायक नीलम करवरिया को श्रद्धांजलि देते लोग।
- फोटो : अमर उजाला।
नीलम ने 2017 में दर्ज की थी जीत
सन 2017 में मेजा विधानसभा में हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहीं नीलम करवरिया ने 67807 मत हासिल करके अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी रामसेवक सिंह पटेल को 19843 मतों से पराजित किया था। रामसेवक सिंह पटेल को 47964 मत मिले थे। उसके बाद सन 2022 में हुए चुनाव में नीलम करवरिया को हार का सामना करना पड़ा था। इस चुनाव में सपा प्रत्याशी संदीप पटेल ने नीलम करवरिया को पराजित कर दिया। फिर भी नीलम करवरिया क्षेत्र में हर एक के सुख-दुख में साथ रहीं ।
सन 2022 के चुनाव में नीलम करवरिया को 75116 मत मिले थे, जबकि संदीप पटेल 78555 मत हासिल कर मेजा के विधायक बन गए थे। इस चुनाव में नीलम करवरिया को 3439 मत से हार का मुंह देखना पड़ा था। मेजा की पूर्व विधायक नीलम करवरिया ने 2017 में चुनाव लड़ने के पहले मेजा विधानसभा के लखनपुर गांव में नौ विश्वा जमीन में अपना घर बनाकर लोगों की समस्याओं को सुनना और निस्तारण करना शुरू कर दिया था। नीलम करवरिया की कार्यप्रणाली से मेजा के लोग बहुत तेजी से इनसे जुड़ना शुरू कर दिए थे। नीलम करवरिया सभी के सुख-दुख में हिस्सा लेती थीं।