शहर में बृहस्पतिवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। यहां एमएनएनआईटी रेल फाटक के पास रेल फ्रैक्चर हो गया। इस बीच वहां से रामेश्वरम एक्सप्रेस गुजरी। राहत भरी बात यह रही कि जिस वक्त ट्रेन टूटे ट्रैक से गुजरी, उसकी स्पीड काफी कम थी। नहीं तो इलाहाबाद में भी मुजफ्फरनगर के खतौली में उत्कल एक्सप्रेस जैसे हादसे की पुनरावृत्ति हो सकती थी। ट्रेन के गुजरते ही वहां तैनात गेटमैन की निगाह रेल फ्रैक्चर पर पड़ी। कोई अनहोनी न हो इसके लिए लल्लू सिंह नाम के गेटमैन ने इसकी सूचना रेलवे अफसरों को दे दी। सूचना पाकर गंगा गोमती एक्सप्रेस प्रयाग स्टेशन पर रोक दी गई। बाद में वहां ट्रैक मरम्मत का काम शुरू किया गया।
फैजाबाद से रामेश्वरम जाने वाली गाड़ी संख्या 16794 रामेश्वरम एक्सप्रेस बृहस्पतिवार सुबह छह बजे के आसपास फाफामऊ से प्रयाग के लिए चली। एमएनएनआईटी रेलवे फाटक संख्या 74 के पास ट्रेन धीमी गति से गुजर रही थी। इसी बीच गेट पर तैनात गेटमैन लल्लू सिंह ने देखा की फाटक के पास ट्रैक टूटा हुआ है। ट्रेन निकल जाने के बाद उसने प्रयाग स्टेशन पर इसकी जानकारी अफसरों को दी। ट्रैक फ्रैक्चर की सूचना मिलते ही स्टेशन पर हड़कंप मच गया।
इस बीच लखनऊ जाने वाली गंगा गोमती एक्सप्रेस वहां पहुंच चुकी थी। कोई अनहोनी न हो इसके लिए गंगा गोमती को प्रयाग में ही रोक लिए गया। इंजीनियरिंग विभाग के तमाम रेलकर्मी मौके पर पहुंच गए। यहां ट्रैक की आंशिक मरम्मत की गई। इसके 45 मिनट बाद गंगा गोमती को प्रयाग से निकाला गया। इस दौरान गेट के पास 20 किमी प्रतिघंटे का कॉशन लगा दिया गया। गंगा गोमती आदि ट्रेन गुजर जाने के बाद रेलकर्मियों ने ट्रैक की मरम्मत कर उसे दुरुस्त कर दिया। इस बारे में लखनऊ मंडल के सीनियर पीआरआई विक्रम सिंह ने बताया कि सुबह ही ट्रैक को दुरुस्त कर दिया गया था।