Explanation summoned from SSP Jail Superintendent Saharanpur for not presenting the accused
प्रयागराज। स्पेशल कोर्ट एमपीएमएलए ने पूर्व विधायक उदयभान सिंह उर्फ डॉक्टर सिंह को कोर्ट में पेश न करने पर अधीक्षक और एसएसपी सहारनपुर को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने कहा कि नियत तारीखों पर पेश न किए जाने का कारण स्पष्ट किया जाए अन्यथा उनके खिलाफ अवमानना की कार्यवाही के लिए हाईकोर्ट रेफरेंस भेजा जाएगा। उदयभान सिंह वर्तमान में सहारनपुर जिला जेेल में बंद है। उनके खिलाफ हत्या और गैंगस्टर का मुकदमा लंबित है। प्रकरण की सुनवाई स्पेशल कोर्ट के जज डॉ. बालमुकुंद कर रहे हैं।
एसपीओ जय गोविंद उपाध्याय और विशेष अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह गोपाल ने बताया कि प्रकरण वाराणसी के शिवपुर थाने का है। पुलिस ने कई आपराधिक मामलों के आधार पर पूर्व विधायक उदयभान सिंह के खिलाफ गैंगस्टर की धाराओं में आरोपपत्र दाखिल किया था। सोमवार को प्रकरण में अभियोजन की ओर से साक्ष्य होना था। गवाह एसआई आदित्य सिंह कोर्ट में उपस्थित हुए। जेल अधीक्षक सहारनपुर ने अभियुक्त उदयभान सिंह को कोर्ट में पेश नहीं किया और न ही उनकी ओर से कोई अधिवक्ता ही जिरह के लिए आया। कोर्ट ने इसे गंभीरता से लेते हुए एसएसपी और जेल अधीक्षक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। उदयभान के खिलाफ भदोही के गोपीगंज थाने में 15 साल पहले हत्या और जानलेवा हमला करने का मुकदमा स्पेशल कोर्ट में लंबित है और उसमें अभियुक्त का बयान दर्ज होना है। कई बार तारीखें लगने के बाद भी उनको सहारनपुर से लाकर यहां पेश नहीं किया गया।