0 15250 लाभार्थियों के विद्युत संयोजन का सत्यापन लंबित होने पर जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। विकास खंड शृंगवेरपुर में बनाए जाने वाले कंपोजिट विद्यालय के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद भी कार्य शुरू न होने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने अधिशासी अभियंता यूपीसिडको को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
यह कार्रवाई उन्होंने बुधवार को कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में की। जीरो पॉवर्टी योजना के तहत आने वाले 15250 लाभार्थियों के विद्युत संयोजन के सत्यापन का कार्य लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत नोडल को भी स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
विंध्य एक्सप्रेसवे के कार्य की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को शेष बचे हुए 23 ग्रामों के प्रस्ताव से संबंधित सभी कार्यवाही पूरी करते हुए शीघ्र प्रेषित किए जाने के निर्देश दिए।
जनपद में हेलीपैड बनाए जाने के लिए 16 स्थानों के चिह्नीकरण का कार्य अभी तक न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को स्थानों का चिह्नीकरण कराए जाने के निर्देश दिए। मिनी नंदिनी कृषि समृद्धि योजना के तहत तीन लाभार्थियों के ऋण की स्वीकृति को शीघ्रता से कराए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने लखपति दीदी के चयन की कार्रवाई में डीसी एनआरएलएम को शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतोष कुमार सहित संबंधित विभागों के अफसर मौजूद रहे।