राज्य विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाओं में बृहस्पतिवार को समूहिक नकल का मामला सामने आने पर तीन केंद्रों की परीक्षा निरस्त कर दी गई है। साथ ही केंद्र बनाए गए तीन महाविद्यालयों को नोटिस भी जारी किया गया है। इसके साथ ही एक परीक्षार्थी को भी नकल करते रंगे हाथों पकड़ा गया।
राज्य विश्वविद्यालय के इलाहाबाद, कौशाम्बी, फतेहपुर एवं प्रतापगढ़ के 332 परीक्षा केंद्रों में बुधवार को सुबह की पाली में संस्कृत और शाम की पाली में 76 केंद्रों में बीकॉम की परीक्षा कराई गई थी। विश्वविद्यालय की ओर से गठित सचलदल ने कई केंद्रों पर छापेमारी की। सचल दल की रिपोर्ट के आधार पर सामूहिक नकल के मामले में तीन महाविद्यालयों की बुधवार को हुई परीक्षा निरस्त कर दी गई। इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय के कुलसचिव संजय कुमार के अनुसार जिन केंद्रों की परीक्षा निरस्त की गई हैं, उनकी परीक्षाएं अब किसी दूसरे केंद्र में कराई जाएंगी। इसके साथ ही संबंधित महाविद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। छापेमारी के दौरान सचल दल में मौजूद रहे एक सदस्य ने बताया कि यमुनापार में केंद्र में दर्जनों मोबाइल फोन और एक बोरा नकल सामग्री पकड़ी गई। बृहस्पतिवार को भी सचल दल ने सुबह की पाली में हुई परीक्षा के दौरान कई केंद्रों में छापा मारा और चार परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालय में चल रही स्नातक परीक्षाओं के दौरान बृहस्पतिवार को छह परीक्षार्थी नकल करते रंगे हाथ पकड़े गए। इनमें इविव के चार और ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज एवं सीएमपी डिग्री कॉलेज के एक-एक परीक्षार्थी शामिल हैं। इसके साथ ही बृहस्पतिवार को बीकॉम द्वितीय वर्ष की परीक्षा समाप्त हो गई।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में नकल रोकने की हर कोशिश नाकाम साबित हो रही है। बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन के अफसर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में दौड़ते नजर आए, बावजूद इसके नकल नहीं रुकी। हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान तथा इंटरमीडिएट के जीव विज्ञान एवं औद्योगिक संगठन की परीक्षाओं में जमकर नकल हुई। इसके साथ इंटर की विभिन्न भाषाओं की भी परीक्षाएं हुईं। इलाहाबाद क्षेत्रीय कार्यालय से जुड़े जिलों में हाईस्कूल की परीक्षा में 82 एवं इंटर में 41 नकलची पकड़े गए। इलाहाबाद में दोनों पालियों की परीक्षा में नौ नकलची पकड़े गए। सहसों के एक विद्यालय के शिक्षक तथा कोहड़ार के एक विद्यालय में केंद्र व्यवस्थापक को हटाने के साथ शिक्षक को नोटिस जारी किया गया।
सुबह की पाली में हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। आमतौर पर सरल मानी जाने वाली इस परीक्षा में भी कई केंद्रों पर खुलेआम नकल हुई। सचल दस्तों ने विभिन्न जिलों में 58 बालक एवं 24 बालिकाओं को नकल करते हुए पकड़ा। इसी तरह इंटरमीडिएट की सुबह की पाली में उर्दू प्रथम प्रश्न पत्र सहित गुजराती, पंजाबी, बंगला, मराठी, आसामी, उड़िया, कन्नड़, सिंधी, तमिल (तेलुगु) मलयालम एवं नेपाली भाषाओं की परीक्षाएं र्हुईं। दूसरी पाली में इंटर की जीव विज्ञान एवं औद्योगिक संगठन विषय के प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षाएं हुईं। ये परीक्षाएं भी नकल से अछूती नहीं रहीं। इंटर की परीक्षाओं में 32 बालक एवं नौै बालिकाएं सचल दस्ते के हत्थे चढ़ी, जिन्हें रेस्टीकेट कर दिया गया।
इलाहाबाद में सुबह की पाली में चार बालक एवं एक बालिका तथा इंटर की परीक्षा में चार नकलची पकड़े गए। डीआईओएस कोमल यादव ने सुबह की पाली में सहसों के पैगम्बरपुर स्थित जवाहर इंटर कॉलेज में एक शिक्षक को कार्यमुक्त कर दिया। शाम की पाली में कोहड़ार के लाला जंगीलाल इंटर कॉलेज में दो नकलची पकड़े गए। यहां केंद्र व्यवस्थापक एवं कक्ष निरीक्षक को नोटिस जारी किया गया। केंद्र व्यवस्थापक को बदल भी दिया गया। इसके साथ हंडिया के लोकमनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज एवं कौड़िहार के मंदरी स्थित शिवम पब्लिक स्कूल में एक-एक नकलची पकड़ा गया।