मम्फोर्डगंज स्थित गैस एजेंसी में घुसकर रुपये छीन लिए गए। साथ ही 25 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई। आरोपियों ने रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी। भुक्तभेागी की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मम्फोर्डगंज में अमर ज्वाला गैस सर्विस के नाम से भारत पेट्रोलियम की एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर फर्म स्थित है। मैनेजर अवधेश पांडेय ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दोपहर में 1.30 बजे के करीब मोहल्ले में ही रहने वाले सचिन व शुभम एजेंसी में आए।
आरोप है कि कैश काउंटर में रखा 700 रुपये दोनों ने जबरन छीन लिया और फिर 25 हजार की रंगदारी मांगी। दशहरे से पहले रुपये न मिलने पर जान से मारने को भी धमकाया। मैनेजर ने आरोप लगाया कि 15 दिन पहले भी एक आरोपी सचिन ने उसके डिलीवरी मैन नितिन शुक्ला को मारपीट कर दो हजार रुपये छीन लिए थे। पुलिस ने बताया कि भुक्तभोगी की शिकायत पर लूट व रंगदारी मांगने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।