बहरिया। सॉफ्टवेयर इंजीनियर विवाहिता ने 10 लाख रुपये और कार की डिमांड न पूरी होने पर पति द्वारा फोन पर तलाक लिखकर भेजने का आरोप लगाते हुए ससुरालियों के खिलाफ बहरिया थाने में दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है।
बहरिया के धमौर गांव निवासी मुफीजउद्दीन की पुत्री निकहत बानो सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। निकहत की शादी 2024 में दानिश शेख पुत्र नूरुद्दीन निवासी बाघराय थाना किशनगंज बिहार के साथ हुई थी। निकहत ने आरोप लगाया कि शादी के एक हफ्ते बाद से ही ननद आफरिन ने दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इसके बाद सास शबनम बानो भी उसे प्रताड़ित करने लगी।
इसी बीच पति दानिश दस लाख रुपये और कार की मांग करने लगा। निकहत का आरोप है कि सैलरी भी पति ले लेता था। इससे परेशान होकर निकहत मायके धमौर आकर रहने लगी। निकहत ने बताया कि दहेज की डिमांड पूरी न होने पर उसके पति ने मोबाइल पर तलाक लिखकर भेजा है। निकहत की तहरीर पर बहरिया पुलिस ने पति दानिश, सास शबनम बानो और ननद आफरिन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।