बरौत। हंडिया क्षेत्र के बरौत बाजार में सड़कों पर अतिक्रमण से राहगीरों का चलना दुश्वार है। चौराहों एवं सड़क पर डग्गामार वाहनों, फल विक्रेता ठेलिया व दुकानदार अपनी-अपनी दुकान सड़क पर सुबह होते ही सजा लेते हैं। इससे सड़क पूरी तरह से संकरी हो जाती है। इसके बाद भी जिम्मेदार अंजान बने हुए हैं।
बरौत बाजार के चौराहे अतिक्रमण होने से राहगीरों में तू तू-मैं मैं होती है। इसके चलते अक्सर जाम लगा रहता है। इसकी शिकायत क्षेत्रवासियों ने कई बार उप जिलाधिकारी हंडिया से की, लेकिन समस्या का अब तक समाधान नहीं हो सका। जबकि पूर्व में तैनात उपजिलाधिकारी हंडिया डॉ. राजा गणपति ने सड़क को पूरी तरह से खाली करा दिया था। उनके जाते ही पुनः सड़क पर अतिक्रमण कर लिया गया। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि स्थानीय प्रशासन चाहे तो सड़क पर किए गए अवरुद्ध को खाली करा सकती है, जिससे आम लोगों को जाम जैसी समस्या से निदान मिल सकता है।