प्रयागराज। हर वाहन पर फास्टैग डिवाइस न लग पाने की वजह से एनएचएआई ने बीच का रास्ता निकाला है। आधी रात इलेक्ट्रनिक टोल कलेक्शन की शुरुआत कराने केसाथ ही एक कैश लेन बिना फास्टैग डिवाइस वाले वाहनों के लिए खोल दी गई। साथ ही टोल कर्मियों को निर्देशित किया गया कि ईटीसी लेन में वाहनों के रुकने से जाम लगने पर दो कैश लेन चलाई जाए। फिलहाल 50 फीसदी वाहनों से इलेक्ट्रानिक टोल कलेक्शन शुरू करा दिया गया है।
नौ टोल प्लाजा की 48 गैलरियों में इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन (ईटीसी) रीडर लगाने के बावजूद एनएचएआई ने दो कैश लेन खोलने का निर्णय लिया है। परियोजना निदेशक एकेराय ने शनिवार की शाम मुंगारी, हर्रो, अमरेहा के अलावा बाईपास के कोखराज व हंडिया टोल प्लाजा पर पहुंचकर ईटडीसी सेवा के संचालन का परीक्षण कराया। हर लेन में ईटीसी रीडर सक्रिय पाया गया। उन्होंने टोल कर्मियों को निर्देशित किया कि एक लेन तो कैश टोल वसूली के लिए चालू रहेगी ही, जाम लगने की स्थिति में दो लेन से कैश वसूली कराई जाएगी। ताकि राजमार्गों पर फिलहाल यात्रा प्रभावित न हो सके। ईटीसी लगने के साथ ही अब किसी भी लेन से वाहन के गुजरने पर फास्टैग डिवाइस से निर्धारित टोल बिना रुके वाहन स्वामी के खाते से सीधे काटा जा सकेगा। इसमें लालानगर, प्रयागराज बाईपास केहंडिया, कोखराज, नवाबगंज, महेवा, सहसो, रीवा राजमार्ग के हर्रो,मुंगारी व अमरेहा टोल प्लाजा की सभी लेन में ईटीसी सेवा चालू करा दी गई। मुंगारी व हर्रो में फास्टैग विंडो भी खोल दी गई। जबकि अमरेहा में रविवार से फास्टैग विंडो खोली जाएगी।ताकि वाहन स्वामियों को फास्टैग केलिए परेशान न होना पड़े।