इलाहाबाद (ब्यूरो)। दीपावली में काफी लोग घर में नया टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन जैसे इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स लाते हैं तो माड्यूलर किचन के शौकीनों में होम एप्लाइंसेज का प्रचलन भी तेजी से बढ़ रहा है। कंपनियां भी इस मौके को भुनाने के लिए तैयार हैं, सो ज्यादातर उत्पाद पर निश्चित उपहार, लकी ड्रा जैसे लुभावने ऑफर भी दिए गए हैं। ग्राहकों के लिए इलेक्ट्रॉक्सि गुड्स एवं होम एप्लाइंसेज के शोरूम भी सज संवर कर तैयार है। कई शोरूम की तरफ से भी ग्राहकों के लिए लकी ड्रा की घोषणा की गई है।
घर में कुछ नया लाने के लिए लोगों को दीपावली का इंतजार होता है। इस मौके पर धनतेरस का दिन नया खरीदने के लिए शुभ माना जाता है। दीपावली के इस अवसर को भुनाने के लिए सोनी, एलजी, सैमसंग, फिलिप्स, लॉयड, पैनासोनिक, माइक्रोटेक, इंटेक्स, वीडियोकॉन, वर्लपुल, गोदरेज, कैल्वीनेटर, आईएफडी, वोल्टास, कैरियर आदि कंपनियों के एलईडी टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एसी, गीजर बाजार में उतारे हैं। बेहतर उत्पाद की गारंटी देने वाली ज्यादातर कंपनियां कम बिजली खपत, वोल्टेज की समस्या से निपटने में सक्षम जैसे दावे भी कर रही हैं। इसके लिए उत्पादों की रेटिंग तय की गई है। ज्यादातर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए निश्चित उपहार की घोषणा की है तो काफी शोरूम संचालकों ने अपनी ओर से लकी ड्रॉ का ऑफर पेश किया है।
धनतेरस पर मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर की भी जबरदस्त बिक्री होती है सो इनकी छोटी-बड़ी हर तरह की दुकानें ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तैयार हैं। दीपावली पर होम एप्लाइंसेज की बिक्री भी होती है। पिछले कुछ वर्षों में मॉड्लूयर किचन का प्रचलन बढ़ने के साथ होम एप्लाइंसेज के शौकीन भी बढ़े हैं, सो घरों में ओवेन, माइक्रोवेव, मिक्सी, सैंडविज मेकर, ग्राइंडर, इंडेक्शन, इलेक्ट्रानिक चूल्हा, वैक्यूम क्लीनर जैसे उत्पादों की मांग बढ़ी है। बाल्ट्रा, गोदरेज, सैमसंग, एलजी, हैवर्ड, बजाज, फिलिप्स, प्रेस्टीज, केनस्टार जैसी कंपनियों ने बाजार में होम एप्लाइंसेज की पूरी रेंज उतारी है। राजरूपपुर में लकी ट्रेडर्स के प्रोपराइटर अखिलेश सिंह का कहना है कि यह ऐसा मौका होता है, जब कंपनियों की कोशिश होती है कि ज्यादा से ज्यादा उत्पादों की बिक्री हो। साथ में दीपावली ऑफर में कुछ अतिरिक्त मिलने की आस में ग्राहक भी इस मौके का इंतजार करते हैं।