इलाहाबाद (ब्यूरो)। सीएमपी डिग्री कॉलेज में चालू शैक्षिक सत्र में पहली बार प्राचार्य डॉ. आनंद कुमार श्रीवास्तव और डीएसडब्ल्यू डॉ. मीना राय ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। बृहस्पतिवार को कॉलेज परिसर में आयोजित समारोह में प्राचार्य डॉ. आनंद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि छात्र-छात्राएं समस्याओं को दूर करने के लिए संयुक्त प्रयास करें। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर बहुत बड़ा है, यहां योग्य शिक्षकों की कमी नहीं है। उन्होंने छात्रों से परिसर में स्वच्छता अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने छात्रों को स्व-अनुशासन के लिए प्रेरित किया।
डीएसडब्ल्यू डॉ. मीना राय ने छात्रों को कॉलेज की ऐतिहासिकता से परिचित कराने के साथ कॉलेज के पुराछात्रों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से डीन कार्यालय की ओर से 18 नवंबर को कॉलेज में होने वाली पोस्टर प्रतियोगिता के बारे में जानकारी दी। छात्रसंघ अध्यक्ष वीर यादव ने छात्रसंघ की ओर से कॉलेज में शैक्षिक माहौल बनाने के बारे में सहयोग की बात कही गई। धन्यवाद डॉ. आरबीएल श्रीवास्तव ने किया।