फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली हड़ताल : 141 में 91 उपकेंद्र बंद, बिजली-पानी के संकट के बीच सड़क पर उतरे लोग, 10 जेई होंगे निलंबित

Sat, 18 Mar 2023 11:47 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

बिजली कर्मियों की हड़ताल के दूसरे दिन शनिवार को जिले में कुल 141 उपकेंद्रों में 91 बंद रहे। तमाम मान मनौव्वल के बाद भी संविदा कर्मी भी काम पर वापस नहीं आए। बिजली न होने से करेलाबाग का पेयजल संयंत्र बंद होने की वजह से पुराने शहर समेत कई हिस्सों में जलापूर्ति ठप हो गई।
विज्ञापन
1 of 12
Prayagraj News : विद्युत उपकेंद्र पर जुटे नागिरक। - फोटो : अमर उजाला।

बिजली कर्मियों की हड़ताल के दूसरे दिन शनिवार को जिले में कुल 141 उपकेंद्रों में 91 बंद रहे। तमाम मान मनौव्वल के बाद भी संविदा कर्मी भी काम पर वापस नहीं आए। बिजली न होने से करेलाबाग का पेयजल संयंत्र बंद होने की वजह से पुराने शहर समेत कई हिस्सों में जलापूर्ति ठप हो गई। बिजली-पानी के संकट को लेकर करेली, साठ फीट रोड के अलावा सिविल लाइंस और तेलियरगंज में नागरिकों का गुस्सा बढ़ गया। लोग सड़कों पर उतर आए। जगह सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मनमानी और लापरवाही के आरोप में जिलाधिकारी ने 10 अवर अभियंताओं के निलंबन की संस्तुति कर दी।

विज्ञापन

2 of 12
Prayagraj News : बिजली कटौती के विरोध में सड़क पर उतरे लोग। - फोटो : अमर उजाला।
बिजली कटौती से नाराज कांग्रेसियों का प्रदर्शन

बिजली कटौती से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट तथा झूंसी में प्रदर्शन किया। उन्होंने बिजली बहाली की मांग की। कार्यकर्ताओं ने रमजान एवं नवरात्रि पर सफाई कराने की भी मांग की। शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक में कार्यकर्ताओं ने बिजली कर्मियों की हड़ताल को लेकर सरकार को घेरा। उनका कहना था कि सरकार की अड़ियन रवैया की वजह से लोग बिजली-पानी के लिए परेशान हो गए हैं। बैठक में महानगर अध्यक्ष प्रदीप मिश्र अंशुमन, मोहम्मद असलम, प्रवीण सिंह भोले, अजेंद्र गौड़, राकेश पाठक आदि मौजूद रहे।

गंगापार के अध्यक्ष सुरेश यादव, हसीब अहमद, राकेश पटेल, सिद्धनाथ मौर्य, भानू कुशवाहा, मनोज पासी आदि ने झूंसी पावर हाउस के सामने प्रदर्शन किया एवं विद्युत बहाली की मांग की। कलेक्ट्रेट पहुंचे इरशाद उल्ला, राजकुमार सिंह, महताब खान, अजय श्रीवास्तव आदि कार्यकर्ताओं ने बिजली बहाली के साथ रमजान एवं नवरात्र में सफाई कराने की मांग की। उन्होंने ज्ञापन भी सौंपा।
विज्ञापन

3 of 12
Prayagraj News : बिजली कटौती के विरोध में सड़क पर उतरे लोग। - फोटो : अमर उजाला।
दो दिन में सवा सौ करोड़ का कारोबार प्रभावित

बिजली कर्मियों की हड़ताल का साइड इफेक्ट प्रयागराज के बाजार पर भी पड़ा है। बीते दो दिन में ही तकरीबन सवा सौ करोड़ का कारोबार संगमनगरी में प्रभावित हुआ है। शनिवार को शहर की धड़कन कहे जाने वाले चौक बाजार में आम दिनों के मुकाबले चहल पहल कम रही, जबकि वीकेंड पर चौक शहर के अन्य बाजारों के मुकाबले ज्यादा गुलजार रहता है। ग्राहकों की कम आवाजाही से कारोबारी भी खासे निराश दिखे। लाइट न होने से व्यापारी अपना ई वे बिल आदि भी नहीं बनवा सके।

चौक में रेडीमेड गारमेंट्स के विक्रेता मुसाब खान ने बताया कि दो दिन से लाइट ने परेशान कर दिया है। जानसेन गंज, मानसरोवर, कटरा आदि इलाकों में बिजली न आने से कारोबार का बुरा हाल है। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल ने बताया कि दो दिन में सवा सौ करोड़ के आसपास का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है। दो दिन से लाइट न होने की वजह से दुकानों में रखी आइसक्रीम, मक्खन आदि खराब हो गए।

4 of 12
Prayagraj News : प्रयाग स्टेशन पर मोबाइल चार्ज करने पहुंचे छात्र। - फोटो : Prayagraj News : प्रयाग स्टेशन पर मोबाइल चार्ज करने पहुंचे छात्र।
बिजली गुल से परेशान छात्र मोबाइल चार्ज करने पहुंचे प्रयाग स्टेशन

शहर में बीते 24 घंटे से अधिक वक्त से बिजली की समस्या लगातार बनी हुई है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों की फोन पर चलने वाली ऑनलाइन कक्षाएं सीधे तौर पर प्रभावित हो रहीं है। इतने लंबे वक्त तक बिजली न आना और मोबाइल बंद हो जाना परेशानी का सबब बन गया है। प्रयाग स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों छोटा बघाड़ा, एलनगंज, रामप्रिया रोड पर रहने वाले सैकड़ों प्रतियोगी छात्रों को फोन चार्ज करने के लिए प्रयाग स्टेशन पर जाना पड़ रहा है।

बस्ती के प्रतियोगी छात्र सिकंदर अली का कहना है कि बिजली का भरोसा नहीं रह गया। इसकी राह देखते हुए 24 घंटे बीत गए। फोन बंद होने से घर वाले भी परेशान हो रहे होंगे। इसके लिए फोन चार्ज करने प्रयाग स्टेशन आ पहुंचे हैं। अब ज्यादातर भुगतान फोन से ही करते हैं, जब फोन ही चालू नहीं रहेगा तो सभी काम ठप हो जाएंगे। वहीं जौनपुर के संदीप बताते है कि बिजली न आने से पूरी दिनचर्या खराब हो गई है।

मोबाइल चार्ज तो स्टेशन पर कर ले रहे हैं लेकिन कमरे पर पानी भी नहीं है। बिजली पानी के चक्कर में अभी तक भूखे बैठे हैं। सुबह उठने से पहले ही टंकी खाली हो गई। अब दैनिक क्रिया करने में भी दिक्कत हो रही है। कमरे में अंधेरा होने की वजह से पढ़ाई एकदम बंद हो गई।
विज्ञापन

5 of 12
Prayagraj News : टैंकर से हो रही पानी की सप्लाई। - फोटो : अमर उजाला।
खुसरोबाग में दूसरे दिन भी सभी पंप ठप, हजारों घरों में 48 घंटे से पानी नहीं

शहर के बड़े हिस्से में पानी के लिए त्राहि-त्राहि मच गई है। रॉ वाटर पंपिंग स्टेशन के नहीं चलने से पुराने शहर के हजारों घरों में 48 घंटों से पानी नहीं पहुंचा है। वहीं 100 से अधिक ट्यूबवेल भी बंद पड़े हैं। इसकी वजह से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस गए हैं और पूरी दिनचर्या ही बिगड़ गई है। ज्यादातर परिवारों ने आरओ वाटर खरीदकर खाने और पीने का काम तो चलाया लेकिन अन्य काम प्रभावित हो गए हैं।

अफसरों और कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से बृहस्पतिवार रात से ही बिजली आपूर्ति पटरी से उतरी हुई है। पुराने शहर के ज्यादातर मोहल्लों, सिविल लाइंस आदि क्षेत्रों में रॉ वाटर पंपिंग स्टेशन से पानी की आपूर्ति की जाती है। करेलाबाग में यमुना नदी से पानी पंप करके खुसरोबाग भेजा जाता है। फिर साफ करने के बाद नौ केंद्रों के माध्यम से जलापूर्ति की जाती है। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से शुक्रवार को दोनों वक्त खुसरोबाग से पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी थी।
विज्ञापन

6 of 12
Prayagraj News : बिजली कटौती के विरोध में सड़क पर उतरे लोग। - फोटो : अमर उजाला।
डीएम की मौजूदगी में खुसरोबाग की बिजली ठीक की गई लेकिन इसके बाद करेलाबाग में फाल्ट हो गया। रीवा रोड में 133 केवीए की लाइन में फाल्ट की वजह से पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसकी वजह से करेलाबाग में पंंप नहीं चल पाए। देर रात तक गड़बड़ी ठीक करने की कोशिश की जाती रही लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। इसकी वजह से शनिवार को भी पानी आपूर्ति बाधित रही। बिजली नहीं होने की वजह से अलग-अलग मोहल्ले के 100 से अधिक ट्यूबवेल भी नहीं चल सके। जलकल विभाग के 650 से अधिक ट्यूबवेल हैं लेकिन सभी बड़े ट्यूबवेल बंद रहे।

इसकी वजह से खुसरोबाग, हिम्मतगंज, दरियाबाद, रामबाग, आजाद नगर, सिविल लाइंस, जार्जटाउन, टैगोर टाउन, करेली, झूंसी, झूंसी में राम शिव कॉलोनी, नैका, नैनी स्थित गंगोत्री नगर, केंद्रांचल कॉलोनी समेत बड़े इलाके में जलापूर्ति बाधित रही। आजाद नगर के अनूप मजूमदार का कहना है कि दो दिनों से घर में कोई स्नान नहीं किया है। बाकी काम पानी खरीदकर हो रहा है। प्रवीण शुक्ला और उनके भाई के कुल मिलाकर चार बच्चे हैं। प्रवीण की पत्नी ज्योति का कहना है कि खाना नहीं बन पा रहा। ब्रेड से काम चल रहा है।
विज्ञापन

7 of 12
Prayagraj News : रामबाघ विद्युत उपकेंद्र। - फोटो : अमर उजाला।
बाहर से दोस्त आया तो होटल में हुआ स्नान, खाना मंगाया बाहर से

रामबाग के रोहित शर्मा का मित्र बाहर से आया है और होटल में रुका है। ऐसे में मित्र से मुलाकात करने के साथ उन्होंने होटल में ही स्नान किया। परिवार में भाई, भाभी, पत्नी और दो बच्चे हैं। उन लोगों ने भी इसी तरह से जुगाड़ लगाकर दैनिक क्रिया निपटाई। वहीं दोनों वक्त का भोजन होटल से आया। इस तरह की दिनचर्या सिर्फ रोहित या उनके परिवार की नहीं रही। शहर के हजारों लोग इस तरह की समस्या से जूझे। कई लोगों ने तो स्नान आदि काम के लिए भी आरओ पानी का इस्तेमाल किया।

पानी के लिए काट दी पाइप
पानी के लिए परेशान लोेग घरों की पाइप काटने के लिए मजबूर हैं। घर में पानी नहीं पहुंचा तो शाहगंज के एक व्यक्ति ने नाली से गुजर रही पाइप ही काट दी। ताकि, लेवल नीचे हो जाए और मुख्य पाइपलाइन में बचा पानी ही मिल जाए। आसपास के लोगों ने भी इसी तरह से पानी का इंतजाम किया।

8 of 12
Prayagraj News : उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारी। - फोटो : अमर उजाला।
भेजे गए टैंकर लेकिन नाकाफी साबित हुए

जलकल विभाग की ओर से 50 से अधिक टैंकर अलग-अलग मोहल्लों में भेजे गए लेकिन यह कोशिश नाकाफी साबित हुई। टैंकर से गिनती के मोहल्लों में ही पानी पहुंचाया जा सका। आजाद नगर के लोग तो लगातार फोन करते रहे लेकिन राहत नहीं मिली। निवर्तमान पार्षद नेम यादव का कहना था कि लगातार फोन करने के बाद पान दरिबा, जानसेनगंज में टैंकर आया लेकिन तुरंता खाली हो गया और लोग भटकते रहे।

9 of 12
Prayagraj News : बिजली कटौती से पानी की दिक्कत हो गई है। - फोटो : अमर उजाला।
बिजली विभाग के 10 जेई निलंबित, होगी एफआईआर

बिजली विभाग के 10 अवर अभियंताओं के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। डीएम संजय कुमार खत्री ने शनिवार को इसकी संस्तुति कर दी। डीएम ने इनके खिलाफ एफआईआर लिखाने का भी आदेश दिया है। इन पर हड़ताल में शामिल होने के साथ विद्युत सेवा बहाली में बाधा पहुंचाने का आरोप है। कई अन्य अफसरों तथा यूनियन के पदाधिकारियों की भी सूची तैयार की जा रही है। इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। खुसरोबाग उपकेंद्र में छेड़खानी की वजह से शुक्रवार को करीब 24 घंटे बिजली गुल रही। इसे लेकर डीएम ने शुक्रवार को खुसरोबाग के अधिशासी अभियंता के खिलाफ कार्रवाई तथा एफआईआर लिखाने का आदेश दिया था।

कई अन्य उपकेंद्रों पर भी अवर अभियंताओं ने छेड़खानी कर दी है। इसकी वजह से फाल्ट ठीक करने में समय लग रहा है। इसके बावजूद शुक्रवार देर रात तक बड़े हिस्से में बिजली सेवा बहाल की गई लेकिन फिर फाल्ट शुरू हो गया। विशेषज्ञों की टीम पहुंची तो पता चला कि फीडरों की लाइन मेें जगह-जगह छेड़खानी की गई है। अफसरों के अनुसार रीवा रोड में 133 केवीए की लाइन पर लोहे की चेन फेंक दी गई। इस तरह की शिकायत कई अन्य जगहों पर भी पाई गई। फीडर में छेड़खानी की भी कई जगहों पर शिकायत पाई गई।

डीएम संजय कुमार खत्री का कहना है कि इस तरह से बाधा पहुंचाने की शिकायतें कई उपकेंद्रों से मिली हैं। ऐसे अफसर एवं कर्मचारी चिह्नित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र मम्फोर्डगंज, छोटा बघाड़ा, गोविंदपुर, जार्जटाउन के अवर अभियंता के खिलाफ निलंबन की संस्तुति की गई है। अन्य छह अवर अभियंताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की संस्तुति की गई है। इनके खिलाफ एफआईआर भी लिखाई जाएगी। डीएम का कहना है कि बाधा पहुंचाने वाले बिजली कर्मियों की भी सूची तैयार की जा रही है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

10 of 12
Prayagraj News : विद्युत उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारी। - फोटो : अमर उजाला।
संविदा कर्मियों ने संभाली कमान, नहीं होंगे बर्खास्त

बिजली विभाग के संविदा कर्मियों की सेवा खत्म नहीं की जाएगी। शुक्रवार रात में ही वे काम पर लौट आए थे। बिजली आपूर्ति बहाल करने में वे मदद भी कर रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। डीएम संजय कुमार खत्री का कहना है कि शुक्रवार को कई उपकेंद्रों पर ताला बंद हो गया था। उनके एसओएस के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कांट्रैक्टर तथा संविदा कर्मी पूरी मदद कर रहे हैं।

11 of 12
Prayagraj News : बिजली कटौती के विरोध में सड़क पर उतरे लोग। - फोटो : अमर उजाला।
हॉस्टलों की बत्ती गुल, छात्रों ने किया चक्काजाम

केपीयूसी और हॉलैंड हॉल हॉस्टल में शनिवार को दिनभर बत्ती गुल रही। शाम को केपीयूसी के छात्रों ने चक्काजाम कर दिया। देर रात तक छात्र सड़क पर जाम लगाकर वहीं बैठे रहे। ये दोनों ही हॉस्टल ट्रस्ट के हैं। वहीं, इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के सभी हॉस्टल में दोपहर में दो घंटे तक आपूर्ति बंद रही। हालात न बिगड़ें, सो इविवि का इंजीनियरिंग विभाग तुरंत हरकत में आया और आपूर्ति शुरू कराई। इविवि के हॉस्टल में विद्युत आपूर्ति के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। इविवि के हॉस्टलों में सलोरी की 132 केवी लाइन से बिजली आपूर्ति होती है। इसके लिए इविवि का अलग फीडर है। शनिवार को सलोरी में किसी ने फीडर की सप्लाई ठप कर दी। हॉस्टलों में बिजली जाते ही छात्र बाहर निकल आए। हालात बिगड़ते, इससे पहले ही इंजीनियरिंग विभाग हरकत में आ गया।

इविवि के इंजीनियरिंग विभाग के अफसर तुरंत सलोरी पहुंचे और वहां से आपूर्ति बहाल कराई। वहीं, ट्रस्ट के हॉस्टलों में सप्लाई की व्यवस्था अलग है, जिससे इविवि के इंजीनियरिंग विभाग का कोई लेनादेना नहीं है। केपीयूसी में शुक्रवार शाम और हॉलैंड हॉल हॉस्टल में शनिवार सुबह से ही सप्लाई ठप थी। इन दिनों स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा भी चल रही है।

जब शाम को भी बिजली नहीं आई और हॉस्टल में अंधेरा छाया रहा तो छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्र सड़क पर निकल आए और केपीयूपी हॉस्टल के सामने चक्काजाम कर दिया। इसकी वजह से बालसन चौराहा से प्रयाग स्टेशन जाने वाली रोड पर लंबा जाम लग गया। शाम पांच बजे शुरू हुआ चक्करजाम देर रात तक जारी रहा। छात्रों ने कहा कि जब तक हॉस्टल की बिजली नहीं आएगी, तब तक नहीं हटेंगे।

केपीयूसी हॉस्टल के छात्रों ने बताया कि शुक्रवार शाम साढ़े छह बजे बिजली कटी थी। इसके बाद शनिवार दोपहर एक बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन दोपहर तीन बजे फिर काट दी गई है। हॉस्टल के छात्र पीने के पानी तक के लिए तरस रहे हैं। हालात बहुत खराब हैं। स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं चल रहीं हैं और हॉस्टल में बिजली-पानी न होने से सबकुछ अस्तव्यस्त हो गया है।
विज्ञापन

12 of 12
Prayagraj News : नैनी केंद्रीय कारागार। - फोटो : अमर उजाला।
नैनी सेंट्रल जेल में विद्युत आपूर्ति बाधित, अंधेरे में कई कुख्यात अपराधी

विद्युत कर्मचारियों की हड़ताल के कारण केंद्रीय कारागार नैनी की विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई है। शनिवार देर शाम तक आपूर्ति बहाल न होने के कारण यहां बंद कुख्यात अपराधी अंधेरे में हैं। वहीं सप्लाई न होने के कारण कही कोई अव्यवस्था न फैले इसे लेकर जेल प्रशासन चौकन्ना है। फिलहाल जनरेटर से सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के साथ जेल चहारदीवारी की सुरक्षा व बैरकों में वैकल्पिक इंतजाम किए गए हैं।

केंद्रीय कारागार नैनी में सजायाफ्ता व विचाराधीन मिलकर लगभग चार हजार से अधिक कैदी बंद हैं। जिनमें माफिया अतीक के बेटे अली अहमद, मुख्तार का साला आतिफ रजा के साथ माफिया के दर्जनों गुर्गे, आतंकी व बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। जेल में कुछ माननीय भी बंद हैं। जेल में विद्युत आपूर्ति के लिए उपकेंद्र से अलग फीडर बनाया गया है, लेकिन शनिवार दोपहर से ही यहां की आपूर्ति बाधित हो गई। देर शाम तक आपूर्ति चालू नहीं होने से जेल परिसर में अंधेरा छाया रहा।

जेल प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में यहां पर जनरेटर चला रखा है। इतनी बड़ी जेल में पानी आपूर्ति से लेकर अन्य व्यवस्था को पूर्ण करने के लिए जेल प्रशासन काफी चिंतित है। साथ ही अंधेरा होने के कारण किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए भी सतर्कता बरती जा रही है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक शशि कांत सिंह ने बताया कि जेल में दोपहर से विद्युत आपूर्ति ठप है। वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें