Electricity department cut connection of Jawahar Navodaya Vidyalaya
बिजली विभाग ने काटा जवाहर नवोदय विद्यालय का कनेक्शन
तैंतीस लाख रुपये का बकाया होने पर की गई कार्रवाई, अंधेरे में रहने को मजबूर हुए बच्चे
अमर उजाला ब्यूरो
उरूवा । क्षेत्र के मेजा पहाड़ी पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के जिम्मेदारों की शिथिलता भारी पड़ गई और बिजली बिल का लाखों रुपये बकाया होने के कारण विभाग द्वारा आवासीय नवोदय विद्यालय मेजा का कनेक्शन ही काट दिया गया। जिससे बच्चों व कर्मचारियों को अंधेरे में रहना पड़ेगा।
जनपद प्रयागराज का जवाहर नवोदय विद्यालय मेजा की बीच पहाड़ी पर स्थित है । जहां 6 से 12 तक की कक्षाएं संचालित होने वाले इस विद्यालय में सैकड़ों की संख्या में छात्र छात्राएं वहीं के आवासीय परिसर में रह कर पढ़ाई करते हैं । नवोदय विद्यालय मेजा के जिम्मेदारों की बड़ी लापरवाही शुक्रवार को वहां के बच्चों पर तब भारी पड़ गई। तैंतीस लाख रुपये का बिजली बिल बकाया होने के कारण विभाग द्वारा विद्यालय की बिजली ही काट दी गई । विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि तीन दिन पूर्व नोटिस भेजी गई थी लेकिन कोई जवाब नहीं मिला । जिसपर बड़े बकायेदारों के विरुद्ध चलाए जा रहे महाविच्छेदन अभियान के तहत शुक्रवार को नवोदय विद्यालय मेजा की बिजली काट दी गई । वहीं एसडीएम मेजा दया शंकर पाठक ने मामले की जानकारी से इंकार किया है। ऐसे में मेजा पहाड़ी पर बच्चों के सुविधा एवं सुरक्षा के लिहाज से अंधेरे में रहना खतरे से खाली नहीं है ।