पहले भी इसी जमीन पर कब्जे को लेकर हो चुका है विवाद
हवेलिया की विवादित जमीन को लेकर पहले भी दो पक्षों में विवाद हो चुका है। मामला झूंसी थाने तक भी पहुंचा, लेकिन बाद में उसे रफा-दफा कर दिया गया। जमीन पर कब्जे के लिए आज सुबह ही ट्रैक्टर से ईंट गिराई गई थी। इस बात की जानकारी जैसे ही दूसरे पक्ष के हिकमत अली और उसके भाई अहमद अली उर्फ छोटे मुल्ला को हुई तो परिजनों संग मौके पर पहुंचकर विरोध शुरू कर दिया। तभी दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे।
मारपीट और पथराव का वीडियो हुआ वायरल
जमीन पर कब्जे को लेकर एक पक्ष से भारी संख्या में अधिवक्ता भी जुटे थे। बवाल बढ़ा तो दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे का वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया। वीडियो में साफ तौर पर कई अधिवक्ता और दोनों पक्ष के लोग गाली गलौज और पथराव करते हुए नजर आए हैं। पूरी घटना का वीडियो देर रात तक पूरे इलाके में वायरल हो गया था।
करोड़ों रुपये की हेराफेरी का आरोपी भी है हत्यारोपी कयूम
हवेलिया निवासी बुजुर्ग अहमद अली की हत्या के आरोपियों में से एक मोहम्मद कयूम करोड़ों रुपये के हेरफेर का भी आरोपी है। उसने तकरीबन 12 साल पहले ऑनलाइन एक फर्जी कंपनी अल्फ डॉट बिज डॉट कॉम नाम से बनाई थी जिसमें पैसा दोगुना करने केे नाम पर उसने झूंसी, शहर के साथ ही जौनपुर, बादशाहपुर, वाराणसी, मिर्जापुर समेत बिहार के कई जिलों के सैकड़ों लोगों का करोड़ों रुपये निवेश कराया था।
कई सौ करोड़ रुपये गबन करने के बाद वह रातों-रात कंपनी और ऑफिस बंदकर परिवार समेत फरार हो गया। उसकी तलाश में पैसा निवेश करने वाले लोग उन दिनों लगातार झूंसी थाने पहुंचते और शिकायत दर्ज कराते। पुलिस ने उस वक्त कयूम के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की थी। सालों वह इलाके से गायब भी रहा, लेकिन बाद में सबकुछ ठीक होने के बाद वह वापस झूंसी आ गया। इस वक्त झूंसी में उसका आलीशान मकान, कई मार्केट, दुकानें और करोड़ृों की जमीनें हैं। पुलिस ने देर रात को कयूम को गिरफ्तार कर लिया था।