अशोकनगर दुर्गा पूजा पार्क कमेटी की ओर से दृष्टिहीन थीम पर बनाया गया दुर्गा पूजा पंडाल।
- फोटो : अमर उजाला।
दरभंगा कॉलोनी में दिखेगी शीश महल की झलक
शहर के दरभंगा इलाके में आयोजित होने वाली दुर्गापूजा हर साल नई थीम और भव्यता के लिए मशहूर है। दरभंगा कॉलोनी पूजा कमेटी की ओर से 66वें दुर्गापूजा पंडाल को शीश महल की थीम पर तैयार किया जा रहा है। इस बार पंडाल के अंदर व बाहर के हिस्से को शीशे से सजाया जा रहा है।
कमेटी के सचिव देवव्रत बसु बताते हैं कि हमारे यहां हर साल अलग थीम पर पंडाल को तैयार किया जाता है। तकरीबन दो महीने से पंडाल बनाने का काम चल रहा है। खास बात यह है कि बंगाल से पंडाल को तैयार करने के लिए 30 कारीगर बुलाए गए हैं। कारीगर दिन-रात मेहनत करके पंडाल को भव्य स्वरूप देने में जुटे हुए हैं।
कमेटी के सीनियर मेंबर रवि सक्सेना बताते हैं कि पंडाल की ऊंचाई व चौड़ाई 70 फीट है। दुर्गा मां की प्रतिमा बनाने के लिए कोलकाता से पांच कुशल कारीगर बुलाए गए हैं। नवरात्र की पंचमी को 18 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा का दिव्य दर्शन होगा। इनके दाएं-बाएं गणेश-लक्ष्मी, कार्तिकेय-सरस्वती जी विराजमान रहेंगे। इस पंच मूर्ति को एक चाला कहते हैं।
कमेटी के कोषाध्यक्ष संतोष मंडल के मुताबिक मूर्ति की साज-सज्जा और शृंगार का सामान बंगाल से मंगाया गया है। श्रद्धालुओं के लिए पंडाल के साथ मूर्ति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
शिवाजी पार्क अल्लापुर में दुर्गा प्रतिमा स्थापना के लिए तैयार किया जा रहा पल्लव महल।
- फोटो : अमर उजाला।
28 पंडालों ने लिया बिजली का अस्थाई कनेक्शन
दुर्गा पंडालों में अस्थाई कनेक्शन लेने के लिए बिजली विभाग ने जो जागरूकता फैलाई उसका असर भी दिखने लगा है। अबतक कुल 28 पंडालों में बिजली के अस्थाई कनेक्शन लिए गए। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में लोगों ने अस्थाई कनेक्शन लिया है। यह कनेक्शन नौ दिनों के लिए ही मान्य होगा।
40 पूजा पंडालों का निरीक्षण, अग्निशमन व्यवस्था की जांच
अग्निशमन विभाग की ओर से बुधवार को जनपद के 40 पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया। विभागीय कर्मचारियों ने पंडालों में अग्निशमन व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही पूजन शुरू होने से पहले अग्निशमन के पूर्ण उपाय करने के निर्देश दिए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव पांडेय ने बताया कि अभी बहुत से पंडाल पूरी तरह से तैयार नहीं हुए हैं। इन सभी को मानकों के अनुसार अग्निश्मन व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी अग्निशमन अधिकारियों को कहा गया है कि वह अपने क्षेत्र में स्थित पंडालों का निरीक्षण कर रिपोर्ट दें।