prayagraj news : बृहस्पतिवार रात हुई झमाझम बारिश से राहगीरों को खासी दिक्कत हुई।
- फोटो : prayagraj
गड्ढों में भरा पानी, बढ़ी परेशानी, खतरा भी
शहर की सड़कों का हाल खराब है। उन इलाकों में ज्यादा दिक्कत है, जहां गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई ने सीवरेज के कार्य कराए हैं। लाइन बिछाई, कनेक्शन दिए लेकिन खोदाई के बाद गड्ढों को सिर्फ मिट्टी से पाट दिया गया। सड़कों-गलियों को पूर्व की स्थिति में बहाल न किए जाने से समय से पहले आई मानसूनी बरसात परेशानी का कारण बनी है। अल्लापुर, अलोपीबाग, बघाड़ा, सुलेम सराय, मीरापुर, करेली, राजरूपपुर, कालिंदीपुरम समेत डेढ़ दर्जन ऐसे मोहल्ले हैं, जहां गड्ढों में भरा पानी परेशानी का कारण ही नहीं बड़ा खतरा भी बना है।
नालों की सफाई का काम अधूरा, नाले ही नहीं नालियां उफनाईं
शहर के जानसेनगंज, अशोक नगर, सिविल लाइंस सहित पुराने शहर से 45 फीसदी गंदा पानी मोरी गेट से निकाला जाता है। इसकी तैयारियां भी की गईं, लेकिन दावों के विपरीत सब काम आधा-अधूरा है। बड़े नालों की सफाई का काम अभी पूरा नहीं किया जा सका है। पुराने शहर के अधिकतर वार्डों में नालियां सिल्ट से चोक हैं। एक झोंका तेज बारिश के बाद नगर निगम के दावों की कलई खुल रही है। महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी भी अल्लापुर, रसूलपुर समेत कई इलाकों में नाला सफाई का औचक निरीक्षण कर चुकी हैं, लेकिन वहां भी उन्हें नाले साफ नहीं मिले। बृहस्पतिवार को दिन में तो गनीमत रही लेकिन रात में तेज बारिश से नाले, नालियां उफना गईं।
prayagraj news : बृहस्पतिवार रात हुई झमाझम बारिश से राहगीरों को खासी दिक्कत हुई।
- फोटो : prayagraj
इन इलाकों में जलभराव, हर तरफ कीचड़, फिसलन
शहर के अल्लापुर, अलोपीबाग, दारागंज, बघाड़ा, बैरहना, कीडगंज, दरियाबाद, मीरापुर, अतरसुइया, करेली, रानी मंडी, खुल्दाबाद, राजरूपपुर, प्रीतम नगर कॉलोनी, अशोक नगर का निचला हिस्सा, राजापुर समेत कई मोहल्लों में कहीं सड़क पर पानी भरा तो कहीं फैली गंदगी कीचड़ का कारण बनी। कई पुराने मोहल्लों में ही नहीं चौक और कटरा बाजार में किचकिच कीचड़ फिसलन का कारण बना। निरंजन डॉट का पुल, रामबाग, बाई का बाग, मेडिकल कॉलेज चौराहे पर आरओबी छोर, सीवाई चिंतामणि रोड, टैगोर टाउन समेत कई मोहल्लों में जलभराव की शिकायत रही।
prayagraj news : बृहस्पतिवार को दिन में हुई बारिश के कारण सिविल लाइंस में सड़के धुली-धुली सी दिखी।
- फोटो : prayagraj