prayagraj news : सरेआम कॉलेज प्रबंधक को अगवा करते बदमाश।
- फोटो : prayagraj
कटरा में मनमोहन पार्क के पास दिनदहाड़े असलहे के बल पर स्कूल के प्रबंधक रजनीकांत शुक्ला को अगवा कर लिया गया। उसे कार में खींचकर पांच अपहर्ता भागे तो सनसनी फैल गई। सूचना पर शहर भर में घेराबंदी कराई गई और कुछ देर बाद करेली में अपहर्ताओं की गाड़ी पकड़ ली गई। पुलिस ने शिक्षक को मुक्त कराते हुए दो अपहर्ताओं को हिरासत में ले लिया। जबकि उनके साथी भाग निकले। दोनों पक्षों के बीच रुपयों के लेनदेन का विवाद सामने आया है।
औद्योगिक क्षेत्र के बेंदौ गांव का रहने वाला रजनीकांत शुक्ला(48) पुत्र गिरीश कुमार शुक्ला करछना स्थित श्री शक्ति विद्यापीठ का प्रबंधक है। बृहस्पतिवार को वह किसी काम से बीएसए कार्यालय आया था। वहां से शाम चार बजे के करीब वह गांव लौट रहा था तभी मनमोहन पार्क से हिंदू हॉस्टल जाने वाली रोड पर फोटोस्टेट की दुकान के सामने असलहाधारी लोगों ने उसे रोक लिया।
kidnap
- फोटो : अमर उजाला
इसके बाद बंदूक के बल पर कार में खींचकर भाग निकले। सरेआम अपहरण की वारदात से सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने शहर भर में नाकेबंदी करा दी। जिसके फलस्वरूप कुछ देर बाद अपहर्ताओं की कार करेली में पकड़ ली गई। प्रबंधक को मुक्त कराते हुए पुलिस ने दो अपहर्ताओं को हिरासत में ले लिया जबकि उनके तीन साथी भाग निकले। सभी को गाड़ी समेत थाने लाकर पूछताछ की गई तो पता चला कि दोनों पक्षों के बीच 13 लाख रुपये का विवाद था और इसी को लेकर घटना अंजाम दी गई।
पांच साल से चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक, मौके से पकड़े गए दो आरोपियों में शिवनारायण पांडेय निवासी बेनीगंज व अजीत निवासी कालाडांडा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अपहर्ताओं में शिवनारायण का भाई श्यामनारायण,उसका बेटा व भांजा राहुल पांडेय निवासी बेनीगंज शामिल है। शिवनारायण ने 2015 में अपनी बेटी व भतीजी की नियुक्ति के लिए रजनीकांत को 33 लाख रुपये दिए थे। जिस पर 2016 में बेटी की नियुक्ति तो हुई लेकिन भतीजी रह गई। रजनीकांत ने 20 लाख रुपये नियुक्ति में लगने और शेष रुपये वापस करनेे को कहा था। लेकिन पांच साल से रुपये देने के आनाकानी कर रहा था। इसी विवाद में वह रुपये की वसूली करने के लिए उसे पकड़कर ले जा रहे थे।
दोनों पक्षों का आपराधिक इतिहास है। रजनीकांत पर औद्योगिक क्षेत्र व करछना में कुल 13 केस दर्ज हैं। राहुल पर दो मुकदमे पूर्व में दर्ज हैं। घटना में प्रयुक्त गाड़ी पकड़े गए अजीत की है। बंदूक श्यामनारायण के बेटे की है। फरार आरेापियों की तलाश की जा रही है। -दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी