prayagraj news : डॉ. जया कपूर, पीआरओ, इलाहाबाद विश्वविद्यालय।
- फोटो : prayagraj
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में नई कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के कार्यभार संभालने के बाद महत्वपूर्ण पदों पर बदलावों का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। इविवि के नए जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) की जिम्मेदारी अंग्रेजी विभाग की डॉ. जया कपूर को सौंप दी गई है। वहीं, आईपीएस के निदेशक पद पर भी फेरबदल किया गया है।
अंग्रेजी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जया कपूर अब इविवि के पीआरओ पद की जिम्मेदारी संभालेंगी। वह मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करेंगी। अब तक यह जिम्मेदारी मानव विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शैलेंद्र मिश्र के पास थी। खास यह कि नवनियुक्त पीआरओ डॉ. जया कपूर इविवि के फेसबुक और ट्विटर हैंडल की इंचार्ज भी होंगी।
छात्र-छात्राओं को इविवि की वेबसाइट के साथ फेसबुक एवं ट्विटर हैंडल के जरिये भी विश्वविद्यालय से संबंधित जानकारी नियमित रूप से मिलती रहेगी। वहीं, गणित विभाग की प्रो. मोना खरे को इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (आईपीएस) का निदेशक नियुक्त किया गया है। अब तक यह जिम्मेदारी भौतिक विभाग के प्रो. एके राय के पास थी। इसके अलावा कॉमर्स विभाग के डॉ. आरके सिंह को गेस्ट हाउस इंचार्ज नियुक्त किया गया है। साथ ही उनके सहायक के तौर पर मानव विज्ञान विभाग के डॉ. राहुल पटेल को नियुक्त किया गया है।