हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा है। इसमें स्वरूप रानी चिकित्सालय में हुई घटना के संबंध में अधिवक्ता रिया खान की ओर से दर्ज एफआईआर के आधार पर नामजद डॉक्टरों की गिरफ्तार और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
वहीं, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने बार की गरिमा और अधिवक्ता समाज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के आरोप में पांच अधिवक्ताओं की सदस्यता समाप्त कर दी है। शुक्रवार को बार के अध्यक्ष राकेश पांडे एवं महासचिव अखिलेश कुमार शर्मा के संयुक्त हस्ताक्षर से संबंधित अधिवक्ताओं को सूचना भेजी गई। कहा गया है कि संबंधित अधिवक्ताओं की ओर से सोशल मीडिया पर संगठन के पदाधिकारियों के विरुद्ध अमर्यादित, आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक टिप्पणियां की गई थीं। इससे संस्था की गरिमा प्रभावित हुई।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष केके द्विवेदी, उपाध्यक्षगण अमित कुमार सिंह, राजकुमार त्रिपाठी, दिनेश वरुण, संयुक्त सचिव प्रेस रामेश्वर दत्त पांडेय आरडी, संयुक्त सचिव प्रशासन बैरिस्टर सिंह, संयुक्त सचिव महिला बिंदु कुमारी व अन्य कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।