महाकुंभ-2025 में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए रेल प्रशासन और जिला प्रशासन की तरफ से प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रेल प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने साथ बैठकर महाकुंभ की तैयारियों की योजनाओं पर विचार विमर्श किया। रेल प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच डीएसए ग्राउंड पर बुधवार को नाइट क्रिकेट मैच खेला गया।
प्रयागराज प्रशासन बनाम भारतीय रेलवे अधिकारियों के बीच 15 ओवर का क्रिकेट मैच खेला गया। भारतीय रेलवे अधिकारियों की टीम के कैप्टन उत्तर मध्य रेलवे अपर महाप्रबंधक जेएस लकरा व प्रशासन टीम के कैप्टन जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के मार्ग निर्देशन में दोनों टीमों ने प्रदर्शन किया। प्रशासन की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। सलामी बल्लेबाज के रूप में डीएम व एडीजी तरुण गाबा ने पारी की शुरुआत की। डीएम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 बॉल पर 69 रनों की शानदार पारी खेली। जिसमें पांच चौके और पांच छक्के मारे। प्रशासन ने 15 ओवर खेलकर रेलवे को 123 रनों का लक्ष्य दिया।
रेलवे के अधिकारियों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए एक विकेट खोकर 10.4 ओवर में 124 रनों के लक्ष्य को प्राप्त किया। रेलवे की ओर से आकाश श्रीनेत्र ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंद में 70 रन बनाए। इसमें शानदार 10 चौके और तीन छक्के रहे। मैन ऑफ द मैच संयुक्त रूप से आकाश श्रीनेत्र व रविंद्र कुमार मांदड़ को दिया गया। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक उपेंद्र सिंह जोशी ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार खिलाड़ियों को दिया। इस मौके पर मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, मंडल रेल प्रबंधक हिमांशु बडोनी, मंडल क्रीड़ा अधिकारी आशुतोष शर्मा रहे।