हंडिया तृतीय से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित मालती यादव को अध्यक्ष पद के लिए उतारकर सपा ने भाजपा की चौतरफा घेराबंदी करने की कोशिश की है। चुनाव की तिथि घोषित होने से पहले ही सपा ने उम्मीदवार की घोषणा करके दबाव बढ़ाने की कोशिश की है तो मालती के बहाने यादव बिरादरी के सदस्यों को भी साधा है। पारिवारिक पृष्ठभूमि के सहारे मालती राजनीतिक दांव-पेच को साधने में भी मदद मिलने की बात कही जा रही है।
सपा की ओर से मालती यादव को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर मंगलवार को ही सहमति बन गई थी। जिला इकाई के इस प्रस्ताव पर बुधवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मुहर लगा दी। इसके बाद पार्टी कार्यालय में अध्यक्ष योगेश चंद्र यादव ने समर्थन का पत्र मालती यादव को सौंपा। इस बार यादव बिरादरी के 20 से अधिक सदस्य निर्वाचित हुए हैं।
यह सपा का परंपरागत वोट बैंक भी है। ऐसे में मालती को उतारकर सपा ने इन सदस्यों को पूरी तरह से अपने पक्ष में लाने की कोशिश की है। 37 वर्षीय मालती विधि स्नातक के अलावा एक कालेज की प्रबंधक के साथ कई संस्थाओं की निदेशक भी हैं। इसके अलावा उनके पिता राम मिलन यादव सपा के वरिष्ठ नेता हैं तो माता चंपा देवी ब्लाक प्रमुख रह चुकी हैं। यानी, भाजपा को उनके राजनीतिक पृष्ठभूमि के रूप में मिलने वाली चुनौती से भी निपटना होगा।
निर्वाचन के 15 दिन के भीतर ही भाजपा की ओर से जिस तरह से 15 सदस्यों के पार्टी ज्वाइन करने का दावा किया गया उसमें मालती यादव की राजनीतिक पृष्ठभूमि और संबंधों का और महत्व बढ़ जाता है। इसके अलावा अभी चुनाव की घोषणा नहीं हुई लेकिन ब्लाक प्रमुखी के लिए धन के बल पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों को लुभाने की शिकायतें आने लगी हैं।
इन शिकायतों के बीच एक बड़े कारोबारी रंग बहादुर यादव की पत्नी मालती को समर्थन देकर सपा ने यह संकेत भी दे दिया है कि विपक्षी प्रत्याशियों के लिए धन बल की राजनीति भी आसान नहीं होगी। रंगबहादुर का कहना है कि पार्टी ने अध्यक्ष पद के उम्मीदवार की घोषणा करके समर्थित सदस्यों के सामने स्थिति स्पष्ट कर दी है। अब पार्टी नेतृत्व का जो निर्देश होगा उसके अनुसार आगे की गतिविधियां तय की जाएंगी।
सभी 84 सदस्यों के संपर्क में सपा नेता
पार्टी कार्यालय में मालती यादव को समर्थन का पत्र सौंपने के साथ ही जिलाध्यक्ष ने चुनाव की तैयारी में जुट जाने और एकजुटता की अपील की। उन्होंने सभी 84 जिला पंचायत सदस्यों से संपर्क करने के लिए कहा। इसके लिए हर वरिष्ठ नेता को जिम्मेदारी भी सौंपी गई। उन्होंने भारी मतों से जीत का दावा भी किया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेख़ार हुसैन, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता केके श्रीवास्तव, संदीप सिंह पटेल, एमएलसी डॉ.मान सिंह यादव, पूर्व सांसद धर्म राज पटेल, नागेंद्र पटेल, नरेंद्र सिंह, दान बहादुर मधुर, सै.मो.अस्कर आदि मौजूद रहे।