प्रयागराज से पंजाब के फिरोजपुर, भटिंडा जाने के लिए के लिए अब सीधी ट्रेन उपलब्ध होगी। क्योंकि रेलवे द्वारा फिरोजपुर कैंट से अगरतला के लिए ट्रेन शुरू की जा रही है। सप्ताह में एक दिन चलने वाली यह ट्रेन प्रयागराज जंक्शन के रास्ते संचालित होगी। फिरोजपुर से इसकी शुरूआत 30 अगस्त एवं अगरतला से दो सितंबर से शुरू होगी। रेलवे द्वारा फिरोजपुर-अगरतला स्पेशल ट्रेन की समय सारिणी जारी कर दी गई है।
गाड़ी संख्या 04494 फिरोजपुर कैंट से प्रत्येक सोमवार दिन में 1.25 बजे चलेगी। जो फरीदकोट, भटिंडा, सिरसा, हिसार, भिवानी, रोहतक, नई दिल्ली के रास्ते अगले दिन सुबह 8.00-8.10 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंच जाएगी। यहां से पंडित दीन दयाल उपाध्याय, पाटलीपुत्र, गुवाहाटी के रास्ते ट्रेन बुधवार की रात 11 बजे अगरतला पहुंच जाएगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04493 का संचालन अगरतला से प्रत्येक बृहस्पतिवार दिन में तीन बजे होगा, जो शनिवार सुबह 4.00-4.05 बजे प्रयागराज एवं रात 10.40 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंच जाएगी। एनसीआर के सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा ने बताया कि 22 कोच की इस ट्रेन में स्लीपर के सात, एसी थ्री के छह, एसी टू, एसएलआर श्रेणी के दो-दो, सामान्य श्रेणी के चार एवं एक कोच पेंट्री कार का होगा।