इलाके में डीजल तथा पेट्रोल की किल्लत लगातार बनी है। विगत एक सप्ताह से नवाबगंज स्थित दो पेट्रोल पंप पर ईधन मिलने के बाद बुधवार को लालगोपालगंज निकट कठुआ पुल स्थित पेट्रोल पंप से ईंधन मिलना बंद हो गया। पेट्रोल पंपों पर ईंधन न होने से सन्नाटा पसरा रहा। यहां तेल खत्म होने का सांकेतिक बोर्ड लगा दिया गया है। जिसकी वजह से वाहन चालकों तथा किसानों को जद्दोजेहद करनी पड़ रहा है।
पेट्रोल पंप डीलर के अनुसार मुख्य डिपो से ईंधन की आपूर्ति बाधित होने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने बताया कि आगामी कुछ दिनों तक स्थिति में सुधार होने की कोई संभावना भी नजर नहीं आ रही है। नवाबगंज स्थित पेट्रोल पंप डीलर ने बताया कि पंप पर 17 मार्च की शाम से ही ईंधन का स्टॉक खत्म हो गया था। तीसरी पेट्रोल पंप के डीलर ने बताया कि आपूर्ति न आने से ईंधन का स्टॉक खत्म हो गया। लोगों का आरोप है कि ईंधन की काला बाजारी की जा रही है। किसान श्यामा पटेल, लालजी तथा मोहम्मद अहमद आदि ने बताया कि डीजल न मिलने से दिक्कत आ रही है।