सिंगल यूज प्लास्टिक पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे ने एक नया तरीका अपनाया है। ट्रेनों और स्टेशनों पर पानी की बोतल यूज करने वाले यात्रियों के लिए उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन ने प्रमुख स्टेशनों पर क्रशिंग मशीन लगाई है। इस मशीन में पानी की खाली बोतल डालने पर एक कूपन प्राप्त होगा। वह कूपन संबंधित स्टेशन के खानपान स्टॉल पर दिखाने पर यात्री को खानपान में पांच फीसदी की छूट मिलेगी। यह मशीन इलाहाबाद जंक्शन के साथ कानपुर, अलीगढ़, टूंडला, इटावा एवं मिर्जापुर स्टेशन पर लगाई गई है।
रेलवे द्वारा पिछले वर्ष ही 50 माइक्रोन से कम मोटाई की सिंगल यूज प्लास्टिक को प्रतिबंधित कर दिया गया है। तमाम यात्री ऐसे भी है जो पानी की बोतलें उपयोग करने के बाद इधर उधर फेंक देते हैं। इससे प्लेटफार्म और स्टेशन परिसर पर गंदगी फैलती है। साथ ही पानी की खाली बोतलों पर अवैध वेंडर दोबारा पानी भर उसे बेच देते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए एनसीआर के इलाहाबाद मंडल ने छह स्टेशनों पर क्रशिंग मशीन पिछले दिनों लगाई थी। अब इस मशीन से कूपन निकलने भी शुरू हो गए हैं।
पीआरओ सुनील गुप्ता ने बताया कि इस मशीन द्वारा पानी की खाली बोतलों को प्रेस कर निस्तारित किया जाएगा। इससे फेंकी गई पानी की बोतल का पुन: उपयोग नहीं होगा। इलाहाबाद जंक्शन पर मशीन से मिलने वाले कूपन को प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित जनाहार केंद्र आरके फूड पर दिखाने पर खानपान में पांच फीसदी की छूट मिलेगी। इसके अलावा अन्य स्टेशनों पर भी रेलवे द्वारा चयनित स्टॉल दिखाने पर पांच फीसदी की छूट मिलेगी। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से शुरू कर दी गई है।
इन स्टेशनों के स्टॉल पर मिलेगी छूट
- इलाहाबाद जंक्शन आरके फूड प्रोडक्ट
- मिर्जापुर जं. जय मां विंध्यवासिनी एवं कमसम फूड प्लॉजा
- कानपुर सेंट्रल होटल अतिथि गैलेक्सी
- इटावा जंक्शन आरके फूड प्रोडक्ट एवं होटल राज दरबार
- टूंडला जंक्शन मेसर्स तिरुपति एसोसिएट
- अलीगढ़ जंक्शन श्री हरी भोजनालय, अमृतसरी जायका रेस्टोरेंट