Prayagraj News : बदमाशों से मारपीट के बाद लगे चोट के निशान दिखाते चिकित्सक।
- फोटो : अमर उजाला।
रोडवेज वर्कशाप के सामने स्थित एक क्लीनिक में बुधवार की रात तमंचे से लैस बदमाश ने चिकित्सक को लूटने का प्रयास किया। बेखौफ बदमाश ने तमंचा सटाया तो साहस का परिचय देते हुए चिकित्सक बदमाश से भिड़ गए। चिकित्सक ने उसे दबोच लिया। पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। बदमाश से भिड़ंत के दौरान चिकित्सक के हाथ में चोट भी आईं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को पकड़े गए बदमाश का चालान कर दिया। वारदात से मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी मच मची रही। लोग भी भारी संख्या में जुट गए थे।
थाना क्षेत्र के मुंशी का पूरा गांव निवासी डॉ. एलबी यादव होम्योपैथिक चिकित्सक हैं। उनकी नई झूंसी रोडवेज वर्कशाप के सामने गुंजन नाम से क्लीनिक है। रोज की तरह बुधवार की रात में तकरीबन साढ़े नौ बजे वह अपने क्लीनिक पर बैठे थे। तभी बैग लटकाए बाइक से एक युवक क्लीनिक पर पहुंचा। क्लीनिक के भीतर पहुंचने पर उसने डॉ. एलबी यादव को बताया कि पैर में चोट लग गई है। वह उसकी मरहम-पट़्टी कर दें।
चिकित्सक उसे लेकर ड्रेसिंग रूम में चले गए। वहां बैठते ही बदमाश ने बैग से तमंचा निकाला और चिकित्सक के पेट में सटा दिया। उसने चिकित्सक को धमकाते हुए कहा कि जेब की पर्स में जितने भी पैसे हैं, निकालकर उसके सामने रख दें। बदमाश ने पर्स के साथ ही एटीएम कार्ड और मोबाइल छीन लिया। उसने एटीएम कार्ड का पिन नंबर भी कागज पर लिखवाकर ले लिया। इस बीच बदमाश नीचे झुककर चिकित्सक की टेबल की दराज खोलकर देखने लगा।
इसी दौरान साहस का परिचय देते हुए डॉ. एलबी यादव ने बदमाश का तमंचा पकड़ लिया और उससे भिड़ गए। बदमाश ने चिकित्सक के बाएं हाथ की हथेली पर दांत से काट लिया। चिकित्सक ने शोर मचाया तो आसपास के दुकानदार भी क्लीनिक की ओर दौड़े। लोगों की मदद से बदमाश को दबोच लिया गया। उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया गया। पकड़ा गया बदमाश देवानंद त्रिपाठी नरायनपुर हेतापट्टी गांव का रहने वाला बताया गया। बृहस्पतिवार दोपहर बाद पुलिस ने पकड़े गए बदमाश का चालान कर दिया।