गंगा पर छह लेन के पुल के लिए बृहस्पतिवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भूमि पूजन एवं शिलान्यास करेंगे। भाजपा के मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य 26 नवंबर को दिन में 12 बजे मलाक हरहर में छह लेन के पुल का भूमिपूजन करेंगे। इस मौके पर पार्टी के तमाम पदाधिकारी आदि मौजूद रहेंगे।
बता दें कि फाफामऊ सिक्स लेन पुल सोरांव तहसील के मोरहूं कछार गांव से शुरू होगा। इसके बाद मोरहूं उपरहार, मलाक हरहर उपरहार, बेला कछार फाफामऊ तथा सदर तहसील के मेंहदौरी कछार, म्योराबाद, असदुल्लापुर, नकौली कछार, बेली कछार, बेली उपरहार गांव से होकर गुजरेगा। इन गांवों के लगभग चार हजार किसानों की जमीन पुल निर्माण के लिए अधिग्रहीत की जाएगी।
जमीन की दरों का निर्धारण हो चुका है। यह भुगतान सर्किल रेट से चार गुना के करीब होगा। भूमि पूजन के बाद फाफामऊ सिक्स लेन पुल का निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा। इस पुल के निर्माण के लिए 1948.25 करोड़ रुपये मंजूर हो गए हैं। लगभग 9.9 किमी लंबे इस सिक्स लेन पुल का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण करवाएगा।