prayagraj news : बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य।
- फोटो : prayagraj
बैठक के बाद हुई प्रेसवार्ता में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां कमी दिखाई दी उसे दूर करने के निर्देश प्रशासन को दिए गए। केशव प्रसाद ने बताया कि बाढ़ के स्थाई समाधान के लिए कॉरिडोर पर विचार चल रहा है। इसके लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं। इसमें बांध के निर्माण के अलावा कई अन्य कार्य शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का कहना था कि गंगा और यमुना दोनों नदियों का जलस्तर कम होने लगा है। इसके बाद बीमारियों से बचाव की चुनौती होगी। इसके लिए प्रशासन, स्वास्थ्य, नगर निगम समेत अन्य संबंधित विभाग के अफसरों को समुचित तैयारी कर लेने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में डीएम संजय कुमार खत्री समेत अनेक अफसर मौजूद रहे।
prayagraj news : सर्किट हाउस में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का स्वागत करते भाजपाई।
- फोटो : prayagraj
रामवन गमन मार्ग के शेष तीन चरणों की एक साथ रखी जाएगी आधारशिला
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के साथ रामवन गमन मार्ग का काम भी पूरा हो जाएगा। इस मार्ग के अंतर्गत भगवान राम से जुड़े 44 स्थानों को श्रृंग्वेरपुर से जोड़ा जाएगा। चार लेन वाली इन सड़कों के लिए राज्य योजना से बजट का इंतजाम किया जाएगा। अयोध्या से चित्रकूट के बीच रामवन गमन मार्ग का निर्माण शुरू है। चार चरणों वाली इस परियोजना पर कुल 3300 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस परियोजनों में भगवान राम से जुड़े 44 स्थलाें के विकास का काम भी शामिल हैं। प्रयागराज आए उप मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को इसकी समीक्षा की।
prayagraj news : डिप्टी सीएम का स्वागत करते भाजपा कार्यकर्ता।
- फोटो : prayagraj
उन्होंने अफसरों को सभी तरह की बाधा दूर कर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रेसवार्ता में बताया कि अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण शुरू है। अयोध्या में पंचकोसी यात्रा तथा रामवन गमन मार्ग का निर्माण कार्य भी इसी से जुड़ा है। मंदिर के शीर्ष पर रखे जाने वाले कलश के साथ अयोध्या में बन रहे पंचकोसी यात्रा तथा रामवन गमन मार्ग का भी निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके पहले चरण में जेठवारा से अवतारपु के बीच निर्माण कार्य करीब पूरा है।
दूसरे चरण में अवतारगंज से श्रृंग्वेरपुर होते हुए मूरतगंज, तीसरे चरण में मूरतगंज से समदाबाद तथा चौथे और अंतिम चरण में रेपुरा से चित्रकूट के बीच सड़क का निर्माण होना है। इसके बीच में श्रृंग्वेरपुर में सिक्स लेन के फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाएगा। यह पुल 1200 मीटर लंबा होगा। बुजुर्गों के लिए इस पर रैंप भी होगा। इस परियोजना में कई बाईपास तथा यमुना नदी पर चार लेन का पुल भी प्रस्तावित है। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना के पहले चरण का काम करीब पूरा होने वाला है।
शेष तीन चरणों के कार्र्यों की जल्द ही एक साथ आधारशिला रखी जाएगी। केशव प्रसाद ने बताया कि रामवन गमन मार्ग में पड़ने वाले 44 स्थलों को श्रृंग्वेरपुर से सड़क मार्ग से जोड़ा जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इन संपर्क मार्गों के लिए राज्य योजना से बजट का इंतजाम किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रामवन गमन मार्ग के निर्माण से अयोध्या, प्रयागराज, कौशाम्बी, चित्रकूट का विकास होगा।
एयरपोर्ट होते हुए अंदावा से कौशाम्बी के बीच बनेगी फोर लेन सड़क
अंदावा से कौशाम्बी के बीच भी फोर लेन सड़क का निर्माण होगा। यह सड़क बमरौली एयरपोर्ट से गुजरेगी। 800 करोड़ रुपये लागत से बनने वाली इस सड़क के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जल्द ही इसकी आधारशिला रखी जाएगी। इसके निर्माण से वाराणसी के साथ प्रयागराज से कौशाम्बी के बीच भी आवागमन सुलभ हो जाएगा।
हंडिया से अंदावा के बीच फोर लेन सड़क पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। इसके लिए 300 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसका निर्माण होने से वाराणसी की यात्रा और आसान हो जाएगी। साथ ही कम समय लगेंगे। इसी क्रम में अब अंदावा से कौशाम्बी के बीच फोर लेन सड़क की योजना तैयार की जा रही है। प्रयागराज आए केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि जल्द इस सड़क का भी निर्माण शुरू होगा। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि करछना में गंगा नदी पर पुल का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। इस पुल से गौहनिया के बीच फोर लेन की सड़क का भी निर्माण होगा। उप मुख्यमंत्री ने कई अन्य योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी।